Murder News: नशा बना कातिल: 70 वर्षीय पिता की बेरहमी से हत्या, सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी बेटे को दबोचा
जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत मन्नाडोल इलाके में नशे की लत ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। सोमवार को एक 40 वर्षीय बेटे ने पैसे न मिलने पर अपने ही 70 वर्षीय वृद्ध पिता की बेरहमी से फावड़े से काटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

BILASPUR NEWS. जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत मन्नाडोल इलाके में नशे की लत ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। सोमवार को एक 40 वर्षीय बेटे ने पैसे न मिलने पर अपने ही 70 वर्षीय वृद्ध पिता की बेरहमी से फावड़े से काटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना के बाद आरोपी युवक नीतू ध्रुव खून से सना फावड़ा लेकर इलाके में घूमता नजर आया, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सिरगिट्टी पुलिस को दी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक को काबू में लिया और हिरासत में ले लिया।
घर के भीतर मिला क्षत-विक्षत शव
पुलिस जब आरोपी के घर पहुँची, तो वहाँ का दृश्य अत्यंत भयावह था। घर के अंदर मनराखन ध्रुव (70) का क्षत-विक्षत शव पड़ा था। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि हत्या अत्यंत नृशंस तरीके से की गई है।
नशे की लत ने ली पिता की जान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नीतू ध्रुव नशे का आदी है और अक्सर पैसों के लिए अपने पिता से झगड़ा करता था। आशंका जताई जा रही है कि नशे के लिए पैसे न मिलने पर उसने गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठाया।
मानसिक स्थिति की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, आरोपी की हरकतें असामान्य लग रही थीं, इसलिए उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों और टूटते पारिवारिक रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








