छत्तीसगढ़

GARIYABAND NEWS: मायके गई पत्नी तो भड़का पति, पड़ोसी की कुल्हाड़ी से हत्या, 7 घंटे बाद मिर्ची के धुएं से घर से निकला आरोपी

GARIYABAND NEWS. शराब और घरेलू विवाद से परेशान होकर पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक युवक ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे गांव में दहशत फैल गई।

GARIYABAND NEWS. शराब और घरेलू विवाद से परेशान होकर पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक युवक ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे गांव में दहशत फैल गई। आरोपी ने पहले एक युवक पर जानलेवा हमला किया और फिर पड़ोसी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह खुद को घर के अंदर बंद कर पुलिस को भी चुनौती देता रहा। करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने छत से मिर्ची का धुआं छोड़ा, तब आरोपी घर से बाहर निकला। इसके बाद भी वह करीब 200 मीटर तक पुलिसकर्मियों पर हमला करने के लिए दौड़ता रहा। आखिरकार जवानों ने उसे काबू में कर गिरफ्तार कर लिया।

मामला शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव का है। पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय हीरा नागेश ने अपने पड़ोसी 38 वर्षीय खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से खोलबहरा की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले आरोपी ने 25 वर्षीय नरेंद्र पर भी जानलेवा हमला किया था। नरेंद्र किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। उसका उपचार मैनपुर अस्पताल में चल रहा है।

पत्नी के मायके जाने से था नाराज

पुलिस के मुताबिक आरोपी राजमिस्त्री का काम करता है और शराब का आदी है। कुछ समय तक दवा लेने के दौरान उसने शराब छोड़ दी थी, लेकिन मानसिक तनाव के बीच दोबारा शराब पीने लगा। इसके बाद घर में अक्सर विवाद और मारपीट होने लगी।

बताया गया कि बीती रात भी आरोपी का पत्नी जागेश्वरी से विवाद हुआ था। सुबह आरोपी के जागने से पहले ही पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई। नींद से उठने के बाद आरोपी पत्नी को तलाशने लगा। इसी दौरान उसका पड़ोसियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते उसने नरेंद्र पर हमला कर दिया और इसके बाद खोलबहरा पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी जान ले ली।

पुलिस पहुंची तो घर में कैद हो गया आरोपी

हत्या की सूचना मिलते ही शोभा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी अपने घर में घुसकर खुद को अंदर बंद कर चुका था। पुलिस ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की तो आरोपी ने गुलेल से जवानों पर हमला शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।

हालात बिगड़ते देख मैनपुर पुलिस और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे। आरोपी को बाहर निकालने के लिए पुलिस ने घर की छत से अंदर मिर्ची का धुआं छोड़ा। धुएं से परेशान होकर आरोपी आखिरकार बाहर निकला। लेकिन उसने हार नहीं मानी और करीब 200 मीटर तक पुलिस जवानों पर हमला करने के इरादे से दौड़ता रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।

दहशत में बंद रहे स्कूल और आंगनबाड़ी

हत्या और आरोपी के उत्पात के बाद पूरे पेंड्रा गांव में दहशत का माहौल रहा। ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से भी बचते रहे। स्थिति को देखते हुए गांव के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र तक नहीं खोले गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india