Suicide News: बहनों को भेजा आखिरी वीडियो, दीवार पर लिखे मौत के जिम्मेदार… फिर फंदे से झूल गई महिला
इस घटना के बाद पुलिस को कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा संदेश मिला है। इसमें मृतका ने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है।

KORBA NEWS. आत्महत्या से पहले बहनों को रोते हुए आखिरी वीडियो भेजना और फिर कमरे की दीवार पर अपनी मौत के जिम्मेदार लोगों के नाम लिखकर फांसी लगा लेना… कोरबा के लक्ष्मणबंध में 40 वर्षीय लक्ष्मी मानिकपुरी की आत्महत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस को कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा संदेश मिला है। इसमें मृतका ने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है।
‘बेइज्जत होकर नहीं जी सकती…’
आत्महत्या से ठीक पहले लक्ष्मी ने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था। वीडियो में वह रोते हुए कह रही है कि वह बेइज्जत होकर नहीं जी सकती। इसके कुछ समय बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले घर में विवाद हुआ था। विवाद का एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला आत्महत्या करने की बात कहती दिखाई दे रही है। वीडियो में उसका बड़ा बेटा उसे शांत रहने की सलाह दे रहा है, जबकि छोटा बेटा रोते हुए मां को ऐसा कदम न उठाने के लिए समझाता दिख रहा है।
दीवार पर लिखा- पति को जिम्मेदार न ठहराया जाए
कमरे की दीवार पर मिले कथित सुसाइड नोट में लक्ष्मी ने अपने पति को किसी भी तरह से जिम्मेदार नहीं बताया। उसने अपने बच्चों को पति के हवाले कर जाने की बात लिखी है।
महिला ने अपने आरोपों में बहू पूर्णिमा और उसके मायके वालों को जिम्मेदार बताया है। हालांकि, पुलिस इन आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।
दूसरी शादी के बाद बढ़ा पारिवारिक विवाद
जानकारी के अनुसार, कोरोना काल में लक्ष्मी के पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बेटे हैं। इसके बाद 13 जून 2025 को उसने कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी।
कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करता है और उसके भी पहली पत्नी से दो बेटे हैं। दोनों बेटों की शादी हो चुकी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घर में लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
ये भी पढ़ें:Bilaspur News: बिलासपुर में बिजली टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
हैंडराइटिंग और वायरल वीडियो की होगी जांच
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। मामले की जांच की जा रही है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दीवार पर लिखी लिखावट की पुष्टि के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद ली जाएगी। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








