Crime News: बिलासपुर बवाल में पुलिस ने दोनों गुटों को दबोचा: 20 गिरफ्तार, हथियार बरामद, आरोपियों का निकाला जुलूस
इस मामले में सिर्फ एक पक्ष नहीं, बल्कि विवाद में शामिल दोनों गुटों के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक सोहेल खान गुट के 17 और रामसिंह गुट के 3 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

BILASPUR NEWS. शहर में बवाल, पथराव और दो गुटों के बीच हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान समेत अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान कट्टा, पिस्टल और अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सिर्फ एक पक्ष नहीं, बल्कि विवाद में शामिल दोनों गुटों के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक सोहेल खान गुट के 17 और रामसिंह गुट के 3 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस ने साफ किया है कि बवाल में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जुलूस निकालकर दिया सख्त संदेश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला। पुलिस की इस कार्रवाई को उपद्रवियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के लिए सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के बीच आरोपियों को लेकर निकाला गया।
पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
ये भी पढ़ें:Bilaspur News: बिलासपुर में बिजली टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
घटना के बाद संबंधित इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या विवाद भड़काने वाली सामग्री साझा करने से बचें।








