छत्तीसगढ़

Crime News: कार की डिक्की में छिपा था नशे का जखीरा, 520 ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ दो गिरफ्तार, दो फरार

7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप कार के जरिए ले जाया जा रहा है। इसके बाद बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी की गई।

BILASPUR NEWS. बिलासपुर में प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार की एक बड़ी कड़ी सरकंडा पुलिस के हाथ लगी है। बिरकोना रोड पर पुलिस ने एक कार को रोककर उसकी डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद किया। करीब 1.04 लाख रुपये कीमत की इस खेप के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस अब उन दो आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है, जिन पर कफ सिरप उपलब्ध कराने का आरोप है।

पुलिस को 7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप कार के जरिए ले जाया जा रहा है। इसके बाद बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध काली कार क्रमांक CG 04 QD 9753 वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। कार की डिक्की से एक के बाद एक 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुए। जब्त सिरप का कुल वजन करीब 85.02 किलोग्राम बताया गया है।

पूछताछ और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मिथुन बघेल (28), ग्राम भुंडा और अमन कुमार चौबे (26), गनियारी बाजारपारा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से कफ सिरप के अलावा कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

अब सप्लायरों की तलाश

पुलिस की कार्रवाई में इस मामले के दो और नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार राजा भोई और नीरज पटेल बिक्री के लिए कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले आरोपी हैं। दोनों फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india