छत्तीसगढ़
Raipur News: धान खरीदी में अव्यवस्था पर फूटा किसानों का गुस्सा, तालेबंदी के बाद चक्काजाम का ऐलान
प्रदेश में धान खरीदी की लिमिट नहीं बढ़ाए जाने से किसान भारी नाराज़गी जता रहे हैं। लिमिट पूरी होने के कारण किसानों को टोकन नहीं मिल पा रहा है, जिससे धान खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई है। मंगलवार को सक्ती में प्रदर्शन के बाद बुधवार को रायपुर से लगे सिलयारी धान खरीदी केंद्र में किसानों ने तालेबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया।

RAIPUR NEWS. प्रदेश में धान खरीदी की लिमिट नहीं बढ़ाए जाने से किसान भारी नाराज़गी जता रहे हैं। लिमिट पूरी होने के कारण किसानों को टोकन नहीं मिल पा रहा है, जिससे धान खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई है। मंगलवार को सक्ती में प्रदर्शन के बाद बुधवार को रायपुर से लगे सिलयारी धान खरीदी केंद्र में किसानों ने तालेबंदी कर जोरदार प्रदर्शन किया।
किसान सुबह से लेकर दोपहर करीब डेढ़ बजे तक खरीदी केंद्र में नारेबाजी करते रहे। स्थिति को देखते हुए धरसींवा तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। तहसीलदार ने अधिकारियों से बात कर आश्वासन दिया कि आज शाम तक सिलयारी धान खरीदी केंद्र की लिमिट बढ़ा दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: CG High Court:आरक्षक भर्ती पर हाईकोर्ट का ‘ब्रेक’: धांधली के आरोपों के बाद नियुक्तियों पर रोक, 23 फरवरी तक लटकी तलवार
हालांकि किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शाम तक उन्हें टोकन नहीं मिला तो वे गुरुवार को सारागांव में चक्काजाम करेंगे। किसानों का कहना है कि प्रशासन ने पहले भी लिमिट बढ़ाने का दावा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर टोकन नहीं मिल पा रहे हैं और बढ़ाई गई लिमिट भी अपर्याप्त है।
गौरतलब है कि मंगलवार को चक्काजाम की चेतावनी के बाद प्रशासन ने राजधानी के आसपास सारागांव, सिलयारी समेत आधा दर्जन से अधिक धान खरीदी केंद्रों की लिमिट बढ़ाई थी, लेकिन इसके बावजूद किसानों की समस्या बनी हुई है।
इस बीच कांग्रेस ने 30 जनवरी को धान खरीदी में अव्यवस्था और टोकन नहीं मिलने के विरोध में प्रदेश स्तरीय चक्काजाम का ऐलान किया है। कांग्रेस और किसान संगठनों की मांग है कि धान खरीदी की अवधि कम से कम एक महीने और बढ़ाई जाए, लेकिन सरकार फिलहाल इसके पक्ष में नजर नहीं आ रही है।
ये भी पढ़ें: Bilaspur News: गणतंत्र दिवस पर आनंद निकेतन में दिखा देशभक्ति का रंग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि धान खरीदी की स्थिति देखकर लगता है कि सरकार किसानों का धान खरीदना ही नहीं चाहती। खरीदी के केवल दो-तीन दिन बचे हैं और अब भी प्रदेश के लाखों किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं।
वहीं कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस विषय पर मुख्यमंत्री विचार करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस धान खरीदी को लेकर भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।







