Political News: मंत्री की ‘बिना हेलमेट’ बाइक पड़ी भारी: विरोध में TI को साड़ी-चूड़ी भेंट करने पहुंचे NSUI नेताओं पर FIR
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा बिना हेलमेट बाइक चलाने का मामला अब कानूनी और राजनीतिक तूल पकड़ चुका है। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर ट्रैफिक थाने पहुंचे NSUI कार्यकर्ताओं पर पुलिस के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में केस दर्ज किया गया है। दुर्ग पुलिस ने NSUI दुर्ग विधानसभा अध्यक्ष वरुण केवलतानी सहित अन्य के खिलाफ कोतवाली थाने में FIR दर्ज की है।

DURG NEWS. छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा बिना हेलमेट बाइक चलाने का मामला अब कानूनी और राजनीतिक तूल पकड़ चुका है। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर ट्रैफिक थाने पहुंचे NSUI कार्यकर्ताओं पर पुलिस के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में केस दर्ज किया गया है। दुर्ग पुलिस ने NSUI दुर्ग विधानसभा अध्यक्ष वरुण केवलतानी सहित अन्य के खिलाफ कोतवाली थाने में FIR दर्ज की है।
क्या है पूरा विवाद?
घटना की शुरुआत 23 जनवरी को हुई, जब ‘यातायात जागरूकता सप्ताह’ के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव अपने समर्थकों के साथ शहर भ्रमण पर निकले थे। इस दौरान मंत्री जी बिना हेलमेट के बाइक चलाते नजर आए, जिसका वीडियो उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया था।
जब मीडिया ने मंत्री से इस पर सवाल किया, तो उनके बयान ने विवाद को और हवा दे दी। उन्होंने तर्क दिया कि रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक हेलमेट नियमों में छूट रहती है। मैं सुबह 7:10 पर निकला था, इसलिए हेलमेट पहनना अनिवार्य नहीं था।
NSUI का अनोखा विरोध और पुलिस की कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस द्वारा मंत्री पर कोई कार्रवाई न किए जाने से नाराज NSUI कार्यकर्ता 7 फरवरी को वरुण केवलतानी के नेतृत्व में दुर्ग ट्रैफिक थाना पहुंचे। वहां उन्होंने ट्रैफिक टीआई (TI) युवराज साहू को विरोध स्वरूप चूड़ी, बिंदी और साड़ी भेंट करने की कोशिश की।
पुलिस का आरोप है कि इस दौरान कार्यकर्ताओं ने टीआई के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 126(2), 132, 221 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
विपक्ष ने उठाए सवाल
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने इस मामले पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ ट्रैफिक पुलिस स्कूल-कॉलेज के छात्रों का चालान काट रही है, वहीं दूसरी ओर खुद शिक्षा मंत्री ‘रोड सेफ्टी मंथन’ के दौरान बिना हेलमेट घूम रहे हैं। उन्होंने इसे पद की गरिमा के खिलाफ बताया।










