छत्तीसगढ़
Fraud News: तेजी से अमीर बनने का लालच पड़ा भारी, फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 6 लाख की चपत
कम समय में पैसा दोगुना करने का सपना दिखाकर ठग किस तरह लोगों को जाल में फंसा रहे हैं, इसका एक और उदाहरण सामने आया है। फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाकर ठगों ने एक युवक से 6.05 लाख रुपये हड़प लिए और बाद में साफ इनकार कर दिया कि अब कोई पैसा वापस नहीं मिलेगा।

BILASPUR NEWS. कम समय में पैसा दोगुना करने का सपना दिखाकर ठग किस तरह लोगों को जाल में फंसा रहे हैं, इसका एक और उदाहरण सामने आया है। फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का भरोसा दिलाकर ठगों ने एक युवक से 6.05 लाख रुपये हड़प लिए और बाद में साफ इनकार कर दिया कि अब कोई पैसा वापस नहीं मिलेगा।
ये भी पढ़ें: Crime News: CG-MSC के SDO का शव कार में मिला, शराब और चखना भी बरामद
पीड़ित युवक निजी कंपनी में नौकरी करता है। आरोपियों ने खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग का जानकार बताते हुए दावा किया कि वे बाजार की चाल पहले ही भांप लेते हैं। भरोसा जमाने के लिए पीड़ित को शहर के पॉश इलाके में स्थित मैग्नेटो मॉल बुलाया गया, जहां बड़े मुनाफे और हर महीने तय कमाई का वादा किया गया।
नकद और ऑनलाइन दोनों तरीकों से ली रकम
पहले चरण में नकद और डिजिटल पेमेंट के जरिए पैसे लिए गए, ताकि पीड़ित को किसी तरह का शक न हो। अलग-अलग तारीखों में किश्तों के बहाने रकम मंगवाई जाती रही। धीरे-धीरे यह राशि 6 लाख रुपये से अधिक पहुंच गई, लेकिन न तो ट्रेडिंग का कोई प्रमाण दिया गया और न ही मुनाफे की रकम।
जब मांगा पैसा, तो मिला सीधा जवाब
कुछ समय बाद पीड़ित को केवल 23 हजार रुपये लौटाए गए। इसके बाद बहानेबाजी शुरू हो गई। कभी बैंक खाता बंद होने की बात कही गई तो कभी निजी परेशानी का हवाला दिया गया। अंत में आरोपियों ने साफ कह दिया कि पैसा खर्च हो चुका है और जो करना है कर लो।
ये भी पढ़ें: Accident News: जमही टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक में घुसी, 3 युवकों की मौके पर ही मौत
पुलिस ने संभाला मोर्चा
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि निवेश के नाम पर हो रही इस तरह की ठगी पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी स्कीम में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता और पंजीकरण की पूरी जानकारी लें। “गारंटीड मुनाफा” या “पैसा दोगुना” जैसे दावों से सतर्क रहें।




