Crime News: महाशिवरात्रि की रात श्मशान में तंत्र-मंत्र: मासूम की कब्र खोदकर सिर ले गए तांत्रिक
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम माहुद (बी) में महाशिवरात्रि की रात अज्ञात तांत्रिकों ने तीन महीने पहले दफनाई गई एक मासूम बच्ची की कब्र खोदकर उसके कंकाल से सिर निकाल लिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम माहुद (बी) में महाशिवरात्रि की रात अज्ञात तांत्रिकों ने तीन महीने पहले दफनाई गई एक मासूम बच्ची की कब्र खोदकर उसके कंकाल से सिर निकाल लिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
ये भी पढ़ें:Sakti News: बॉयफ्रेंड पर प्रेमिका को जिंदा जलाने का आरोप, 16 दिनों बाद इलाज के दौरान मौत
घटना का खुलासा रविवार (15 फरवरी) की सुबह तब हुआ, जब गांव का एक किसान अपने खेत की ओर जा रहा था। श्मशान घाट के पास से गुजरते समय उसकी नजर 3 वर्षीय मासूम प्रिया साहू की कब्र पर पड़ी। कब्र के चारों ओर तंत्र-मंत्र की सामग्री, दीया, चावल और झिल्ली में रखे मांस के टुकड़े बिखरे हुए थे। किसान ने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों और बच्ची के परिजनों को दी।
एसडीएम की अनुमति के बाद हुई खुदाई
सूचना मिलते ही बच्ची के पिता जितेंद्र साहू और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुंडरदेही एसडीएम से अनुमति ली गई। दोपहर करीब 3 बजे पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ कब्र की दोबारा खुदाई कराई गई।
जब शव को बाहर निकाला गया, तो परिजनों के होश उड़ गए। लगभग चार फीट नीचे दफन मासूम के शव से सिर गायब था। ऐसा प्रतीत होता है कि तांत्रिकों ने रात के अंधेरे में कब्र खोदकर सिर निकाला और फिर उसे दोबारा मिट्टी से ढंक दिया था।
परिजनों में भारी आक्रोश
मृतक बच्ची प्रिया साहू की मौत 9 अक्टूबर 2025 को बीमारी के कारण हुई थी। पिता जितेंद्र साहू ने बताया कि परिवार अभी बेटी के जाने के गम से उबरा भी नहीं था कि इस घृणित घटना ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 505 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। शव के अवशेषों को परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर ‘अघोरी’ या तांत्रिक क्रिया करने वालों की तलाश की जा रही है।







