Murder News: सनकी बर्खास्त पुलिसकर्मी ने पत्नी और सौतेली बेटी को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट, थाने में किया सरेंडर
आरोपी गुलाब साहू का बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी लता साहू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुलाब ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपनी पत्नी लता पर हमला कर दिया।

RAIPUR NEWS. राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ पुलिस सेवा से बर्खास्त एक पूर्व आरक्षक ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी और 22 वर्षीय सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुँचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
सुबह 7 बजे की वारदात, घर में मचा कोहराम
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू का बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी लता साहू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुलाब ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपनी पत्नी लता पर हमला कर दिया। जब बीच-बचाव करने लता की पहली शादी से हुई बेटी चित्रा साहू (22) आई, तो आरोपी ने उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सेवा से बर्खास्त है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी गुलाब साहू पूर्व में पुलिस विभाग में पदस्थ था, लेकिन अनुशासनहीनता और अन्य कारणों के चलते उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी का स्वभाव पहले से ही गुस्सैल था। 4 साल पहले ही लता ने गुलाब से दूसरी शादी की थी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है, जिसके बाद हत्या के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा।






