Suicide News: भाई की डांट से क्षुब्ध 10 साल की मासूम ने दी जान, जामुल क्षेत्र में मातम
मृतका गुरप्रीत कौर उर्फ खुशी (10 वर्ष) कक्षा चौथी की छात्रा थी। घटना गुरुवार 19 मार्च की शाम की है। गुरप्रीत उस समय घर पर अकेली थी और मोबाइल पर स्पीकर ऑन करके अपने पिता (जो पेशे से ड्राइवर हैं) से बात कर रही थी। इसी दौरान उसका 17 वर्षीय बड़ा भाई घर लौटा और दरवाजा खटखटाने लगा। मोबाइल की आवाज के कारण गुरप्रीत को दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनाई नहीं दी।

DURG NEWS. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेश नगर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां महज 10 साल की एक बच्ची ने अपने बड़े भाई की डांट से नाराज होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय बच्ची घर में अपने भाई के साथ अकेली थी।
ये भी पढ़ें:LPG पर किसका दबदबा? दुनिया के टॉप 10 LPG उत्पादक देश; जानिए भारत की स्थिति।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका गुरप्रीत कौर उर्फ खुशी (10 वर्ष) कक्षा चौथी की छात्रा थी। घटना गुरुवार 19 मार्च की शाम की है। गुरप्रीत उस समय घर पर अकेली थी और मोबाइल पर स्पीकर ऑन करके अपने पिता (जो पेशे से ड्राइवर हैं) से बात कर रही थी। इसी दौरान उसका 17 वर्षीय बड़ा भाई घर लौटा और दरवाजा खटखटाने लगा। मोबाइल की आवाज के कारण गुरप्रीत को दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनाई नहीं दी।
विवाद और दुखद अंत
जब गुरप्रीत ने देरी से दरवाजा खोला, तो भाई ने उसे डांट दिया। गुरप्रीत ने इसकी शिकायत फोन पर ही अपने पिता से कर दी। इसके बाद पिता ने बड़े भाई को फटकार लगाई। पिता की डांट से गुस्साए भाई ने दोबारा अपनी बहन को जमकर डांटा और खाना लेकर दूसरे कमरे में टीवी देखने चला गया। कुछ देर बाद जब भाई ने पानी मांगा और कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने बाहर जाकर देखा। मासूम गुरप्रीत गैलरी में पंखे के सहारे चुन्नी का फंदा बनाकर लटक चुकी थी।
अस्पताल में घोषित किया मृत
परिजनों और पड़ोसियों ने तत्काल बच्ची को फंदे से उतारा और भिलाई के बीएम शाह अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस की जांच जारी
जामुल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि क्या इस आत्मघाती कदम के पीछे कोई और भी कारण था। इस घटना के बाद से पूरे गणेश नगर इलाके में शोक की लहर है।







