Bilaspur news: थार खरीदने की चाहत में नाबालिग ने अपने ही घर में कराई 20 लाख की चोरी, दोस्तों ने मिलकर बुना था जाल
bilaspur news. शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ लग्जरी गाड़ी 'थार' खरीदने के शौक में एक नाबालिग ने अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। इस पूरी साजिश में सेना के एक रिटायर्ड जवान का बेटा और उसके अन्य दोस्त भी शामिल थे।

bilaspur news. शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ लग्जरी गाड़ी ‘थार’ खरीदने के शौक में एक नाबालिग ने अपने ही घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। इस पूरी साजिश में सेना के एक रिटायर्ड जवान का बेटा और उसके अन्य दोस्त भी शामिल थे। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चोरी के गहने खरीदने वाले आरोपियों सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
नकली सोना दिखाकर उड़ाया असली जेवर
पुलिस जांच में सामने आया कि बहतराई निवासी सुशील कुमार शर्मा (रिटायर्ड फौजी) के बेटे को उसके दोस्तों ने थार गाड़ी खरीदने का लालच देकर उकसाया। योजना के मुताबिक, दोस्तों ने नाबालिग को नकली सोना दिया और उसके बदले घर से असली जेवर पार करने को कहा। नाबालिग झांसे में आ गया और धीरे-धीरे घर से करीब 15 तोला सोना (कीमत लगभग 20-29 लाख रुपये) पार कर दिया।
ब्लैकमेल और मारपीट से खुला राज
जब नाबालिग और जेवर लाने में असमर्थ हुआ, तो उसके दोस्त उसे मारपीट की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे। इस बीच परिवार को घर से जेवर गायब होने की भनक लगी। जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो नाबालिग ने पूरी सच्चाई उगल दी। इसके बाद परिजनों ने 14 मार्च को सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
गहने खरीदने वाले भी गिरफ्त में
सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पूछताछ में पता चला कि चोरी के जेवर कोतवाली क्षेत्र के एक युवक के माध्यम से गांधी चौक के एक ज्वेलरी व्यवसायी को बेचे गए थे। पुलिस ने दबिश देकर चोरी के सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं, जिनकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
इस कांड में शामिल रसूखदार परिवारों के बच्चों सहित जेवर खरीदने वाली एक महिला और अन्य खरीदारों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।








