भारत

बीजेपी को मिला नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, जानिए नितिन नबीन की पूरी प्रोफाइल

बीजेपी ने बिहार सरकार के मंत्री और पांच बार के विधायक नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। जानिए उनकी राजनीतिक यात्रा, उम्र, चुनावी रिकॉर्ड और संगठन में भूमिका। Kaun hai nitin nabin

Nitin Nabin Biography in hindi: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए बिहार सरकार के मंत्री और अनुभवी विधायक नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि लंबे समय से जेपी नड्डा के बाद पार्टी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन नितिन नबीन का नाम कयासों में शामिल नहीं था। पार्टी ने इस फैसले से एक बार फिर सभी को चौंका दिया है।

नितिन नबीन बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं और पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। महज 45 वर्ष की उम्र में उन्हें इतनी बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलना बीजेपी की युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति को दर्शाता है। वह इस पद पर पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के नेताओं में शामिल हो गए हैं।

नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं और दिग्गज बीजेपी नेता व पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। राजनीति में कदम रखने से पहले उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई, जहां उनके संगठनात्मक कौशल को पहचान मिली। वर्ष 2006 में उन्होंने उपचुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया और इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज की।

2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने लव सिन्हा को भारी अंतर से हराया था, जबकि 2025 के चुनाव में यह जीत अब तक की सबसे बड़ी मानी जा रही है। संगठन के स्तर पर भी नितिन नबीन का अनुभव मजबूत रहा है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी का प्रभारी बनाया गया था, जहां बीजेपी को बड़ी सफलता मिली।

जेपी नड्डा की लेंगे जगह 

लोकसभा चुनाव के बाद जेपी नड्डा को केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद पार्टी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश में थी। जब तक इस पद पर औपचारिक चुनाव नहीं हो जाता, तब तक नितिन नबीन राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। माना जा रहा है कि यह नियुक्ति संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के लिहाज से अहम साबित हो सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india