छत्तीसगढ़
CG Assistant teacher recruitment :सीधी भर्ती 2023 पर विराम: सहायक शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी, छठवें चरण की संभावना खत्म
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति को लेकर चल रहे भ्रम को स्पष्ट करते हुए कहा है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ के आदेशों के अनुरूप पूर्ण कर ली गई है। विभाग ने साफ किया है कि अब छठवें चरण की सूची जारी किए जाने की न तो कोई वैधानिक और न ही प्रशासनिक संभावना शेष है।

RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति को लेकर चल रहे भ्रम को स्पष्ट करते हुए कहा है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ के आदेशों के अनुरूप पूर्ण कर ली गई है। विभाग ने साफ किया है कि अब छठवें चरण की सूची जारी किए जाने की न तो कोई वैधानिक और न ही प्रशासनिक संभावना शेष है।
गौरतलब है कि सीधी भर्ती 2023 के तहत सहायक शिक्षक के 6285 पदों के लिए 4 मई 2023 को विज्ञापन जारी किया गया था। व्यापम द्वारा परीक्षा परिणाम 1 जुलाई 2023 को घोषित किए गए थे, जिनकी वैधता अवधि एक वर्ष निर्धारित थी। उस समय बी.एड. अर्हताधारियों को सहायक शिक्षक पद से बाहर रखने संबंधी कोई आदेश सर्वोच्च न्यायालय या उच्च न्यायालय द्वारा पारित नहीं किया गया था।
चार चरणों में 5301 नियुक्तियां
सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद हेतु नियुक्ति प्रक्रिया चार चरणों में संपन्न हुई। कटऑफ रैंक में शामिल अभ्यर्थियों की सूचियां 8 सितंबर 2023, 21 सितंबर 2023, 30 जनवरी 2024 और 4 मार्च 2024 को विभागीय वेबसाइट पर जारी की गईं। इन चार चरणों में कुल 5301 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति की गई, जिनमें 2621 बी.एड. अर्हताधारी शामिल थे।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रक्रिया में बदलाव
उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ ने याचिका क्रमांक 5788/2023 में 2 अप्रैल 2024 को पारित आदेश में बी.एड. अर्हताधारियों को सहायक शिक्षक पद के लिए अपात्र घोषित किया। इसके बाद तत्काल प्रभाव से आगे की भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई। इसी बीच परीक्षा परिणामों की मूल वैधता अवधि 1 जुलाई 2024 को समाप्त हो गई, जिससे आगे की भर्ती संभव नहीं रह गई थी।
हालांकि, उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राज्य शासन द्वारा चयन सूची की वैधता अवधि बढ़ाकर 1 जुलाई 2025 तक कर दी गई। इसके तहत मार्च–अप्रैल 2025 में पांचवें चरण की भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें सेवा से हटाए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थान पर 2615 डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को शामिल किया गया।
पांचवें चरण का विवरण
पांचवें चरण में विभिन्न वर्गों के लिए कटऑफ रैंक इस प्रकार रही—
सामान्य (मुक्त): 2314 से 6666
अनुसूचित जाति (मुक्त): 7239 से 10990
अन्य पिछड़ा वर्ग (मुक्त): 6670 से 9193
अनुसूचित जनजाति (मुक्त): 54537 से 72852
इस चरण में शामिल 2615 अभ्यर्थियों में से 1316 अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन में उपस्थित नहीं हुए या अपात्र पाए गए, जबकि 1299 पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
छठवें चरण की मांग निराधार
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणामों की विस्तारित वैधता अवधि 1 जुलाई 2025 को समाप्त हो चुकी है। छठवें चरण की मांग करने वाले अभ्यर्थी मेरिट क्रम में काफी नीचे हैं, इसलिए उन्हें नियुक्ति का अवसर नहीं मिल पाया है।
विभाग ने यह भी बताया कि इसी भर्ती प्रक्रिया के तहत शिक्षक और व्याख्याता पदों से जुड़ी याचिकाएं पहले ही उच्च न्यायालय द्वारा खारिज की जा चुकी हैं। यदि सहायक शिक्षक पद पर अतिरिक्त चरण की अनुमति दी जाती है, तो अन्य पदों पर भी पुनः भर्ती की मांग खड़ी हो सकती है, जो न्यायसंगत नहीं होगा।
प्रक्रिया को समाप्त मानना उचित
विभाग का कहना है कि सीधी भर्ती 2023 का विज्ञापन जारी हुए दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। इस दौरान बड़ी संख्या में नए पात्र अभ्यर्थी आगामी शिक्षक भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इन सभी तथ्यों और न्यायालयीन आदेशों को ध्यान में रखते हुए सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया को समाप्त माना जाना पूरी तरह वैधानिक, उचित और न्यायसंगत है।




