Accident News: महाशिवरात्रि पर मातम: पिकनिक मनाने गए CISF जवान की वाटरफॉल में डूबकर मौत
छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित गुलमी वाटरफॉल में घूमने गए CISF के एक जवान की डूबने से मौत हो गई है। जवान बस्तर जिले के नगरनार स्थित NMDC प्लांट में तैनात था। घटना के बाद से ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम जवान की तलाश में जुटी हुई थी।

JAGDALPUR NEWS. छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित गुलमी वाटरफॉल में घूमने गए CISF के एक जवान की डूबने से मौत हो गई है। जवान बस्तर जिले के नगरनार स्थित NMDC प्लांट में तैनात था। घटना के बाद से ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम जवान की तलाश में जुटी हुई थी।
खाना खाने के बाद नहाने उतरे थे जवान
जानकारी के अनुसार, NMDC के नगरनार प्रोजेक्ट में तैनात CISF के 5-6 जवान महाशिवरात्रि के मौके पर घूमने के लिए सीमावर्ती क्षेत्र के गुलमी वाटरफॉल गए थे। दोपहर में खाना खाने के बाद, जवान आकाश चौधरी (28) नहाने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
साथियों ने की खोजबीन, पुलिस को दी सूचना
जब काफी देर तक आकाश पानी से बाहर नहीं आए, तो साथी जवानों ने उन्हें आवाज लगाई और आसपास खोजबीन शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। इसके बाद ओडिशा के कोटापाड़ थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
गोताखोरों द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही कोटापाड़ पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से जवान की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साथ गए अन्य जवानों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।







