Crime News: स्कूल में बच्चों का खतरनाक ‘टास्क’, 35 छात्रों ने ब्लेड और कांटों से काटे अपने हाथ
घटना 18 फरवरी की बताई जा रही है। स्कूल प्रबंधन को जब अचानक बच्चों के हाथों पर खून और गहरे निशान दिखाई दिए, तो हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत डॉक्टरों की एक टीम स्कूल बुलाई गई।

DHAMTARI NEWS. धमतरी जिले के कुरुद ब्लॉक स्थित एक सरकारी स्कूल से रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ दददहा गाँव के शासकीय माध्यमिक शाला के लगभग 35 छात्र-छात्राओं ने ‘खेल-खेल’ में एक-दूसरे को खतरनाक टास्क दिया और ब्लेड, पिन व बबूल के कांटों से अपने हाथों पर गहरे कट लगा लिए।
घटना 18 फरवरी की बताई जा रही है। स्कूल प्रबंधन को जब अचानक बच्चों के हाथों पर खून और गहरे निशान दिखाई दिए, तो हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत डॉक्टरों की एक टीम स्कूल बुलाई गई। जांच में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के बच्चों के हाथों पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं।
प्रशासन की कार्रवाई और जांच
इस चौंकाने वाली घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अभय जायसवाल ने स्कूल के प्राचार्य और प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिन के भीतर जवाब माँगा है। मामले की जांच अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) द्वारा की जा रही है। कलेक्टर ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मामला नशा, अंधविश्वास या काला जादू से जुड़ा नहीं है। बच्चों ने केवल एक-दूसरे की देखा-देखी और आपसी ‘चैलेंज’ के कारण ऐसा कदम उठाया।
अभिभावकों में रोष और चिंता
बच्चों के माता-पिता ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की निगरानी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चे घर पर ऐसा व्यवहार नहीं करते थे, यह पूरी तरह स्कूल प्रबंधन की लापरवाही का परिणाम है।
विशेषज्ञों की राय: मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि बच्चों में बढ़ती इंटरनेट की पहुंच और सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले खतरनाक ‘गेम्स’ या ‘चैलेंज’ इस तरह की घटनाओं का कारण हो सकते हैं।







