Accident News: ट्रक के नीचे फंसे युवक को ड्राइवर ने बेरहमी से घसीटा, मौके पर ही मौत
ग्राम सलोनी निवासी ऐमंत साहू अपने साथी के साथ बाइक (CG 07 ZR 3592) पर सवार होकर रसमड़ा स्थित ए.एस. ग्लोबल फेब्रिकेशन कंपनी में काम पर जा रहे थे। जैसे ही वे रायपुर स्टील प्लांट के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक (CG 07 BF 3747) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठा युवक दूर जा गिरा, जबकि ऐमंत ट्रक के नीचे फंस गया।

DURG NEWS. जिले के रसमड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ लापरवाही की सारी हदें पार हो गई। रायपुर स्टील प्लांट के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की ट्रक के नीचे फंसने और घसीटे जाने के कारण मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका दोस्त बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सलोनी निवासी ऐमंत साहू अपने साथी के साथ बाइक (CG 07 ZR 3592) पर सवार होकर रसमड़ा स्थित ए.एस. ग्लोबल फेब्रिकेशन कंपनी में काम पर जा रहे थे। जैसे ही वे रायपुर स्टील प्लांट के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक (CG 07 BF 3747) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठा युवक दूर जा गिरा, जबकि ऐमंत ट्रक के नीचे फंस गया।
चीखता रहा युवक, ड्राइवर ने नहीं रोकी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद ट्रक रुक गया था। ऐमंत ट्रक के नीचे जिंदा फंसा हुआ था और मदद के लिए चिल्ला रहा था। वहां मौजूद लोगों और ऐमंत के दोस्त ने ड्राइवर को चिल्लाकर बताया कि युवक नीचे फंसा है, लेकिन ड्राइवर ने संवेदनहीनता दिखाते हुए ट्रक रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया।
घसीटने से गई जान:
ट्रक के आगे बढ़ने से ऐमंत काफी दूर तक घसीटता चला गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में लोगों ने शोर मचाकर ट्रक को रुकवाया और उसे पीछे करवाकर शव को बाहर निकाला।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक को रायपुर स्टील प्लांट की एम्बुलेंस से भिलाई के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







