Crime News: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर रायपुर के पहलाजानी हॉस्पिटल के खिलाफ FIR दर्ज, ‘बच्चा बदलने’ का है गंभीर आरोप
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पहलाजानी हॉस्पिटल और माता लक्ष्मी नर्सिंग होम के प्रबंधन व डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के कड़े रुख और निर्देश के बाद की गई है। अस्पताल पर साल 2023 में 'बच्चा बदलने' (Baby Swapping) का गंभीर आरोप लगा है।

RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पहलाजानी हॉस्पिटल और माता लक्ष्मी नर्सिंग होम के प्रबंधन व डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के कड़े रुख और निर्देश के बाद की गई है। अस्पताल पर साल 2023 में ‘बच्चा बदलने’ (Baby Swapping) का गंभीर आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के बचेली निवासी अशोक कुमार सिंह और उनकी पत्नी उषा सिंह संतान प्राप्ति की आस में रायपुर के अनुपम नगर स्थित माता लक्ष्मी नर्सिंग होम पहुंचे थे। यहां पहलाजानी टेस्ट ट्यूब बेबी एंड सरोगेसी सेंटर में डॉक्टरों ने आईवीएफ (IVF) प्रक्रिया के जरिए उन्हें संतान होने का आश्वासन दिया था।
अप्रैल 2023 में दूसरी बार की गई आईवीएफ प्रक्रिया सफल रही और जांच में जुड़वा बच्चों की पुष्टि हुई।
परिजनों के आरोप: बिना बताए ले गए ओटी
परिजनों का आरोप है कि 25 दिसंबर 2023 को बिना किसी पूर्व सूचना या जानकारी के उषा सिंह को ऑपरेशन थिएटर (OT) ले जाया गया। डिलीवरी के बाद उषा सिंह ने बताया कि उन्होंने एक लड़के और एक लड़की को जन्म दिया है, लेकिन जब कुछ समय बाद नवजात बच्चों को परिजनों को सौंपा गया, तो वे अलग दिख रहे थे।
परिजनों ने तत्काल बच्चा बदलने का संदेह जताया, जिसे इलाज कर रहे डॉ. नीरज पहलाजानी और डॉ. समीर पहलाजानी ने गलतफहमी बताकर खारिज कर दिया।
कानूनी लड़ाई और डीएनए जांच
संदेह गहराने पर अशोक कुमार सिंह ने एक निजी एजेंसी से डीएनए (DNA) जांच कराई। इसके बाद पीड़ित परिवार न्याय के लिए हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने तथ्यों की गंभीरता को देखते हुए रायपुर एसपी (SP) को निर्देश दिया कि इस शिकायत को एफआईआर के रूप में दर्ज किया जाए।
इन पर होगी जांच की आंच
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस इस मामले में:
- माता लक्ष्मी नर्सिंग होम और पहलाजानी टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर के संचालकों।
- संबंधित डॉक्टरों।
- पैथोलॉजी लैब (मेट्रोपोलिस) की भूमिका की सघन जांच करेगी।
पुलिस अब मामले में प्रबंधन और डॉक्टरों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। इस घटना ने राजधानी के चिकित्सा जगत में हड़कंप मचा दिया है।










