Crime News: ऑटो में ‘सहेलियों’ ने साफ किया हाथ: शादी से लौट रही महिला के बैग से 4 तोला सोना पार
सलापुर के वैष्णवी विहार निवासी सुषमा पाण्डेय 30 मार्च को अपनी बड़ी बेटी के घर एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। अगले दिन 31 मार्च की सुबह करीब 9 बजे वे लाफार्ज से स्कूल बस के जरिए गुरुनानक चौक पहुँचीं। वहां से ई-रिक्शा लेकर वे नेहरू चौक आईं और फिर घर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुईं।

BILASPUR NEWS. शहर में ऑटो में सफर के दौरान चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शादी समारोह से लौट रही एक महिला के बैग से अज्ञात महिलाओं ने बड़ी चतुराई से करीब 4 तोला सोने के जेवरात पार कर दिए। घटना की जानकारी पीड़िता को तब हुई जब वह घर पहुँची और सामान व्यवस्थित करने लगी। सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सफर के दौरान वारदात
जानकारी के अनुसार, उसलापुर के वैष्णवी विहार निवासी सुषमा पाण्डेय 30 मार्च को अपनी बड़ी बेटी के घर एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। अगले दिन 31 मार्च की सुबह करीब 9 बजे वे लाफार्ज से स्कूल बस के जरिए गुरुनानक चौक पहुँचीं। वहां से ई-रिक्शा लेकर वे नेहरू चौक आईं और फिर घर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुईं।
साथ बैठी महिलाओं पर शक
बताया जा रहा है कि जब महिला ऑटो में बैठी, तब उसमें तीन अन्य महिलाएं पहले से सवार थीं। महिला को संदेह है कि सफर के दौरान इन्हीं महिलाओं ने मौका पाकर उनके बैग में साड़ी के नीचे रखे डिब्बे से सोने का हार और एक जोड़ी ईयररिंग निकाल लिए।
घर पहुँचने पर खुला राज
महिला उसलापुर ओवरब्रिज के पास ऑटो से उतरकर करीब 11 बजे अपने घर पहुँची। जब उन्होंने अलमारी में जेवर रखने के लिए बैग खोला, तो कीमती आभूषण गायब देख उनके होश उड़ गए। चोरी गए जेवरों का वजन करीब 4 तोला बताया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता ने अपने स्तर पर ऑटो चालक से पूछताछ की कोशिश की, लेकिन संदिग्ध महिलाओं का कोई सुराग नहीं मिला। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।







