Accident News: कोरबा में भीषण सड़क हादसा: कोयला लदे अनियंत्रित ट्रक ने तीन युवकों को रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत
पोटापानी गांव के निवासी बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओम प्रकाश दीपका स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। बुधवार सुबह तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान नूनेरा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना अचानक हुआ कि युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
काम पर जा रहे थे तीनों दोस्त
मिली जानकारी के अनुसार, पोटापानी गांव के निवासी बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओम प्रकाश दीपका स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। बुधवार सुबह तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान नूनेरा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना अचानक हुआ कि युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हाइड्रा मशीन से निकाले गए शव
हादसे के बाद ट्रक पलटने से कोयला सड़क पर बिखर गया और युवक ट्रक के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुँचे। ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए भारी-भरकम हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
परिजनों का गुस्सा, मुआवजे के बाद खुला जाम
घटना की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सुबह 10 बजे से चक्काजाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 1.25-1.25 लाख रुपये की सहायता राशि देने के ऐलान के बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया गया।
ड्राइवर की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







