छत्तीसगढ़

Murder News: कवर्धा में सनसनीखेज वारदात: लिव-इन पार्टनर की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

मृतिका सुखबती बैगा (24) मुंगेली जिले के खुड़िया क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अपने पति और दो बच्चों को छोड़कर गांव के ही देवेंद्र जायसवाल (26) के साथ पुणे भाग गई थी। दोनों पिछले 3-4 महीनों से वहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे और मजदूरी करते थे।

KAWARDHA NEWS. छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने मर्डर की प्लानिंग टीवी शो ‘सावधान इंडिया’ देखकर की थी। इस जघन्य अपराध में आरोपी के पिता और उसके एक दोस्त ने भी साथ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शादी का दबाव बनी मौत की वजह

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका सुखबती बैगा (24) मुंगेली जिले के खुड़िया क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अपने पति और दो बच्चों को छोड़कर गांव के ही देवेंद्र जायसवाल (26) के साथ पुणे भाग गई थी। दोनों पिछले 3-4 महीनों से वहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे और मजदूरी करते थे। सुखबती लगातार देवेंद्र पर शादी के लिए दबाव बना रही थी, लेकिन देवेंद्र और उसका पिता केशव प्रसाद इस रिश्ते के खिलाफ थे। उन्हें समाज में बदनामी का डर था, जिसके कारण उन्होंने सुखबती को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

वॉटरफॉल घुमाने के बहाने ले गए और कर दी हत्या

​साजिश के तहत देवेंद्र, सुखबती को पुणे से वापस गांव लेकर आया। 18 मार्च को वह उसे रानी दहरा वॉटरफॉल घुमाने ले गया, जहाँ उसका पिता केशव और दोस्त मनोज पटेल पहले से मौजूद थे। मौका पाकर आरोपियों ने सुखबती के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने शव को वॉटरफॉल के पास नदी में फेंक दिया।

पुलिस जांच और खुलासा

​19 मार्च को ग्रामीणों ने नदी में तैरती हुई लाश देखी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर मृतिका की शिनाख्त की। संदेह के आधार पर पुलिस ने 24 मार्च को देवेंद्र को पुणे से हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और अपने पिता व दोस्त की संलिप्तता की जानकारी दी।

बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज

​बोड़ला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएशन भी कराया, जिसके बाद उन्हें गुरुवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india