Suicide: पति के प्रेम प्रसंग का दंश न सह सकी विवाहिता, आत्महत्या से मचा हड़कंप
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकी मोगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंदरीदफाई इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 26 वर्षीय महिला, रानी रत्नाकर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि पति के दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग और मोबाइल को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद रानी ने यह कठोर कदम उठाया।

KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकी मोगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंदरीदफाई इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 26 वर्षीय महिला, रानी रत्नाकर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि पति के दूसरी महिला के साथ प्रेम-प्रसंग और मोबाइल को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद रानी ने यह कठोर कदम उठाया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा की निवासी रानी रत्नाकर की शादी चार साल पहले सिवनी के दयाल रत्नाकर (27) से हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे (ढाई साल की बेटी और चार महीने का बेटा) हैं। दयाल एक गैरेज में काम करता है। पुलिस जांच में सामने आया कि दयाल का शादी से पहले ही किसी अन्य महिला के साथ अफेयर था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
मोबाइल को लेकर हुआ विवाद, फिर जड़ा थप्पड़
बीते बुधवार (7 जनवरी) को घर में मौजूद इकलौते मोबाइल को लेकर दोनों के बीच फिर से बहस हुई। रानी ने मोबाइल अपने पास रखा था, जिसे दयाल मांग रहा था। रानी के मना करने पर दयाल ने उसे दो थप्पड़ जड़ दिए और घर से बाहर चला गया। पति की प्रताड़ना से आहत रानी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और लोहे के एंगल से फांसी का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मायके पक्ष के गंभीर आरोप
घटना की सूचना मिलते ही रानी के मायके वाले मौके पर पहुंचे और दामाद पर गंभीर आरोप लगाए। रानी के भाई शिव कुमार का कहना है कि दयाल की प्रेमिका उस पर रानी को तलाक देने का दबाव बना रही थी। दयाल अक्सर रानी के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करता था। परिजनों ने इसे महज आत्महत्या न मानकर हत्या की साजिश बताया है और आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिसिया कार्रवाई
बांकी मोगरा पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दयाल रत्नाकर ने भी कबूल किया है कि उसकी गर्लफ्रेंड उस पर तलाक का दबाव बना रही थी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









