ACB Action:गाड़ी ट्रांसफर के नाम पर रिश्वत लेते RTO का क्लर्क रंगे हाथों गिरफ्तार
आरोपी की पहचान शोभा राम देवांगन के रूप में हुई है, जो रायपुर RTO कार्यालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर (बाबू) के पद पर पदस्थ है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे एक फाइनेंस कंपनी की गाड़ी का नाम ट्रांसफर करवाना था, जिसके एवज में आरोपी बाबू ने 15 हजार रुपये की मांग की थी।

RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) के एक क्लर्क को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी ने एक फाइनेंस गाड़ी का नाम ट्रांसफर करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
15 हजार की मांग, 14 हजार में हुआ सौदा
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान शोभा राम देवांगन के रूप में हुई है, जो रायपुर RTO कार्यालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर (बाबू) के पद पर पदस्थ है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे एक फाइनेंस कंपनी की गाड़ी का नाम ट्रांसफर करवाना था, जिसके एवज में आरोपी बाबू ने 15 हजार रुपये की मांग की थी।
ACB ने बिछाया जाल
रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी लिखित शिकायत रायपुर ACB कार्यालय में की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद, ACB की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए शुक्रवार को जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी क्लर्क RTO दफ्तर में शिकायतकर्ता से 14 हजार रुपये की पहली किश्त ले रहा था, तभी पहले से मुस्तैद ACB की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।
आगे की कार्रवाई जारी
ACB की टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल टीम आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है और कार्यालय में उसके अन्य संदिग्ध कार्यों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद RTO कार्यालय में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी जारी रहेगी।






