Crime News: बीजेपी नेता की हत्या की सुपारी लेने वाले शूटरों ने ज्वेलरी लूटकांड को दिया अंजाम, 7 गिरफ्तार
बीजेपी पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए ₹25 लाख की सुपारी दी गई थी। बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष और नारियल व्यापारी राजू सोनकर ने जमीन विवाद के चलते हत्या की साजिश रची थी। हत्या की कोशिश नाकाम होने पर आरोपियों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से करीब 2 किलो सोना और नकदी लूटी।

BILASPUR NEWS. बिलासपुर पुलिस ने शहर के एक बड़े सराफा कारोबारी से करोड़ों की लूट के मामले को सुलझाते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपी दरअसल एक बीजेपी पार्षद की हत्या की सुपारी लेकर उत्तर प्रदेश से आए थे, लेकिन साजिश नाकाम होने पर उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दे दिया।
बीजेपी पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए ₹25 लाख की सुपारी दी गई थी। बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष और नारियल व्यापारी राजू सोनकर ने जमीन विवाद के चलते हत्या की साजिश रची थी। हत्या की कोशिश नाकाम होने पर आरोपियों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से करीब 2 किलो सोना और नकदी लूटी। पुलिस ने मास्टरमाइंड राजू सोनकर और हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास सहित कुल 7 आरोपियों को यूपी के मिर्जापुर से गिरफ्तार किया है।
पूरी घटना का क्रम
जेल में बनी अपराधियों की टोली
लूट का आरोपी विनोद उर्फ बिन्नू प्रजापति और लोकल हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास की दोस्ती बिलासपुर जेल में हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद इन्होंने राजू सोनकर के साथ मिलकर अपराध का नेटवर्क तैयार किया।
हत्या की साजिश और विफलता
राजू सोनकर का पार्षद बंधु मौर्य के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। राजू ने उन्हें रास्ते से हटाने के लिए नारद श्रीवास के जरिए 25 लाख रुपये में सौदा किया और 6 लाख एडवांस भी दिए। 18 दिसंबर की रात बदमाशों ने पार्षद की कार रोककर गोली मारने की कोशिश की, लेकिन पार्षद ने सूझबूझ दिखाते हुए कार की रफ्तार बढ़ा दी और उनकी जान बच गई।
करोड़ों की लूट
हत्या की योजना फेल होने के बाद, बदमाशों ने पैसों की भरपाई के लिए लूट की योजना बनाई। 17 फरवरी 2026 की रात महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी जब दुकान बढ़ाकर घर जा रहे थे, तब आरोपियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी और हथियार के दम पर 2 किलो सोना, 200 ग्राम तैयार जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना और ₹3.50 लाख कैश लूट लिए।
पुलिस की कार्रवाई और एनकाउंटर
एसएसपी रजनेश सिंह के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर (अहरौरा) में घेराबंदी की। इस दौरान 2 आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर भी हुआ। पुलिस ने आरोपियों के पास से शत-प्रतिशत लूटा गया माल और हथियार बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपी:
- राजू सोनकर (38) – मास्टरमाइंड (बिलासपुर)
- नारद उर्फ सुमित श्रीवास (42) – हिस्ट्रीशीटर (बिलासपुर)
- विनोद उर्फ बिन्नू प्रजापति (33) – (मध्य प्रदेश)
- करीम खान (32) – (बरेली, यूपी)
- विजय लांबा (52) – (नई दिल्ली)
- मोनू उर्फ राहुल (32) – (नोएडा, यूपी)
- इरफान अली (32) – (बिलासपुर)







