Accident News: रफ्तार का कहर: इंडस्ट्रियल एरिया में ट्रक ने बाइक को कुचला, युवक की मौत
जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

BHILAI NEWS. जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
यूपी का रहने वाला था मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भूपेंद्र के रूप में हुई है, जो मूलतः उत्तर प्रदेश का निवासी था और वर्तमान में खुर्सीपार क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। वह शुक्रवार सुबह अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर काम के सिलसिले में इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जा रहा था।
घायल की हालत नाजुक
हादसे में भूपेंद्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल साथी को तत्काल भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
तेज रफ्तार बनी काल
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।








