छत्तीसगढ़
Crime News: आवारा मवेशियों को लेकर विवाद ने लिया खूनी मोड़, लाठी-डंडों से हमला; इलाज के दौरान एक की मौत, 7 गिरफ्तार
20 अगस्त 2026 की रात करीब 7 बजे ग्राम लिमतरा निवासी ग्रामीण अपनी धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे करीब 15 से 20 आवारा मवेशियों को ग्रामीण भगाते हुए ग्राम रलिया के आगे भारतमाला सड़क किनारे छोड़कर वापस लौट रहे थे।

BILASPUR NEWS. फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए उन्हें सड़क किनारे छोड़कर लौट रहे ग्रामीणों का दूसरे गांव के लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चार ग्रामीणों पर लाठी-डंडे और मुक्कों से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल एक ग्रामीण की बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
ये भी पढ़ें: GARIYABAND NEWS: मायके गई पत्नी तो भड़का पति, पड़ोसी की कुल्हाड़ी से हत्या, 7 घंटे बाद मिर्ची के धुएं से घर से निकला आरोपी
मवेशियों को छोड़कर लौट रहे थे ग्रामीण
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त 2026 की रात करीब 7 बजे ग्राम लिमतरा निवासी ग्रामीण अपनी धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे करीब 15 से 20 आवारा मवेशियों को ग्रामीण भगाते हुए ग्राम रलिया के आगे भारतमाला सड़क किनारे छोड़कर वापस लौट रहे थे।
रात करीब 8:30 बजे रलिया स्थित भारतमाला रोड के पुल के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। मवेशियों को उनकी ओर लाने का आरोप लगाते हुए पहले गाली-गलौज और विवाद किया गया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों, हाथ और मुक्कों से ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
चार ग्रामीण हुए घायल, एक ने तोड़ा दम
हमले में उमेश बरगाह सहित अन्य ग्रामीणों को चोटें आईं। मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने के कारण तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान जीवन मेहर की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
सात आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम बनाई गई।
ये भी पढ़ें: Crime News: रायगढ़ से बिलासपुर लाए गए 18 वर्षीय आरोपी की संदिग्ध मौत, सुबह फंदे पर लटका मिला शव, मजिस्ट्रियल जांच शुरू
टीम ने कार्रवाई करते हुए गजानंद पटेल, अजय चंद्राकर, अश्विनी पटेल, आलोक सिदार, कोमल चंद्राकर, लोमस चंद्राकर और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडे सहित अन्य सामान भी जब्त किया है। एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 103(2) और 112 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।









