तेज रफ्तार का कहर: विधायक रेणुका सिंह के बेटे की कार ने युवक को मारी टक्कर, पुलिस ने गिरफ्तारी के तुरंत बाद छोड़ा
राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के आरोपी बीजेपी विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के बेटे बलवंत सिंह हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार तो किया, लेकिन उसे थाने से ही तुरंत जमानत मिल गई। दूसरी ओर, घायल युवक की हालत अस्पताल में अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

RAIPUR NEWS. राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के आरोपी बीजेपी विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के बेटे बलवंत सिंह हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार तो किया, लेकिन उसे थाने से ही तुरंत जमानत मिल गई। दूसरी ओर, घायल युवक की हालत अस्पताल में अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 जनवरी की रात करीब 1:15 बजे की है। तेलीबांधा निवासी त्रिभुवन सिंह ठाकुर (34), जो डीजे इवेंट का काम करता है, सेरीखेड़ी से अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था। अग्रसेन धाम चौक के पास कार (CG 04 PC 0853) ने उसे इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह सड़क पर काफी दूर जाकर गिरा।
चश्मदीदों की जुबानी: कार की रफ्तार थी बेकाबू
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पेट्रोलिंग टीम ने घायल त्रिभुवन को तत्काल अस्पताल पहुँचाया। पीड़ित के भाई राज नारायण सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
पुलिस कार्रवाई और विवाद
जांच में पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन जयप्रकाश उपाध्याय के नाम पर पंजीकृत है, लेकिन उन्होंने पुष्टि की कि घटना के समय कार बलवंत सिंह चला रहे थे। पुलिस ने आरोपी बलवंत सिंह के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत मामला दर्ज कर 6 जनवरी की रात उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ ही समय बाद उन्हें थाने से जमानत दे दी गई, जिसे लेकर चर्चाएं गर्म हैं।
आरोपी का पक्ष: पूछताछ में बलवंत सिंह ने बताया कि वह जोरा मॉल से तेलीबांधा की ओर आ रहे थे, तभी अचानक बाइक सामने आने से संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।








