Crime News: CG-MSC के SDO का शव कार में मिला, शराब और चखना भी बरामद
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CG-MSC) के SDO शोभाराम देवहारी (43) का शव उनकी कार के अंदर संदिग्ध हालत में पाया गया है।

JAGDALPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CG-MSC) के SDO शोभाराम देवहारी (43) का शव उनकी कार के अंदर संदिग्ध हालत में पाया गया है।
घटना बोधघाट थाना क्षेत्र की है। शनिवार सुबह जब कुछ लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तो उन्होंने इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम के पास एक कार देखी। जब उन्होंने कार के अंदर झाँका, तो SDO ड्राइवर की सीट पर अचेत अवस्था में थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
कार से मिली शराब की बोतल और चखना
पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कार को लॉक खोला और शव को बाहर निकाला। शुरुआती जाँच में पुलिस को कार के अंदर से शराब की बोतल और चखना मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार रात (13 फरवरी) को उन्होंने कार में बैठकर शराब पी थी।
शरीर पर चोट के निशान नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
पुलिस के अनुसार, शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मौत का कारण हार्ट अटैक है या कुछ और, यह अभी स्पष्ट नहीं है। बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।
SDO शोभाराम देवहारी मूल रूप से बालोद जिले के रहने वाले थे और पिछले कुछ समय से जगदलपुर में रह रहे थे। पुलिस मामले की गहन जाँच कर रही है।







