Murder News: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बैंड वालों ने दुल्हन के भाई की चाकू गोदकर की हत्या
गरियाबंद के मालगांव निवासी चंदन निषाद अपनी बहन की शादी के बाद आयोजित 'चौथिया' कार्यक्रम में शामिल होने धमतरी आया था। शनिवार रात करीब 8 बजे जब बाजार चौक के पास नाच-गाना चल रहा था, तभी चंदन और उसके दोस्तों की बैंड वालों से मामूली धक्का-मुक्की हो गई।

DHAMTRAI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ग्राम भोथीडीह में एक शादी समारोह के दौरान हुए मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि बैंड पार्टी के सदस्यों ने मिलकर दुल्हन के भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खूनी संघर्ष में चार अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, गरियाबंद के मालगांव निवासी चंदन निषाद अपनी बहन की शादी के बाद आयोजित ‘चौथिया’ कार्यक्रम में शामिल होने धमतरी आया था। शनिवार रात करीब 8 बजे जब बाजार चौक के पास नाच-गाना चल रहा था, तभी चंदन और उसके दोस्तों की बैंड वालों से मामूली धक्का-मुक्की हो गई।
यह मामूली बहस जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैंड पार्टी के सदस्यों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर चंदन को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
चाकू से ताबड़तोड़ हमला और लाइव वीडियो
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने धारदार चाकू से चंदन पर हमला कर दिया। हमले में चंदन बुरी तरह घायल हो गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा है। घटना में घायल अन्य चार युवकों का इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिस की कार्रवाई: 7 आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शैलेंद्र पांडेय और मगरलोड पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने इस मामले में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 2 नाबालिग हैं। गिरफ्तार किए गए बालिग आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- तोषण चक्रधारी (18 वर्ष)
- अभिषेक पटेल (20 वर्ष)
- हिनेश उर्फ हिलेश्वर (18 वर्ष)
- ताम्रज कंवर (18 वर्ष)
- गुलाब दीवान (20 वर्ष)
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






