Fraud News: होटल कर्मचारी ने अपनी ही मालकिन को लगाया ₹2 लाख का चूना, शेयर बाजार में दोगुने मुनाफे का दिया था लालच
अंजना फ्रांसिस एक होटल संचालित करती हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रायपुर के फाफाडीह का निवासी गोविंद कुमार पिछले कुछ महीनों से उनके होटल में काम कर रहा था। होटल में ही रहने के कारण उसने धीरे-धीरे अंजना का भरोसा जीत लिया।

BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक होटल कर्मचारी ने अपनी ही मालकिन (होटल संचालिका) को शेयर बाजार में पैसा निवेश कर ‘डबल इनकम’ का लालच दिया और करीब 2 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है, जहाँ अंजना फ्रांसिस एक होटल संचालित करती हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रायपुर के फाफाडीह का निवासी गोविंद कुमार पिछले कुछ महीनों से उनके होटल में काम कर रहा था। होटल में ही रहने के कारण उसने धीरे-धीरे अंजना का भरोसा जीत लिया।
इसके बाद गोविंद ने उन्हें झांसा दिया कि यदि वे शेयर बाजार में पैसा निवेश करती हैं, तो उन्हें दोगुना मुनाफा होगा। उसकी बातों में आकर होटल संचालिका ने निवेश के लिए हामी भर दी।
चार किस्तों में लिए पैसे और रातों-रात हुआ गायब
पीड़िता ने बताया कि आरोपी गोविंद ने 17 अगस्त से 30 अगस्त 2025 के बीच कुल चार किस्तों में उनसे 2 लाख रुपये लिए। पैसे लेने के कुछ दिन बाद ही, 10 सितंबर को तड़के 3 बजे गोविंद चुपचाप अपना सामान समेटकर होटल से गायब हो गया। जब अंजना ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका फोन बंद मिला और उसने कॉल का कोई जवाब नहीं दिया।
पत्नी ने भी किया गुमराह
परेशान होकर होटल संचालिका ने गोविंद की पत्नी भारती से व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया। पत्नी ने स्वीकार किया कि उसके पति ने पैसे लिए थे और वे शेयर मार्केट में डूब गए हैं। उसने धीरे-धीरे पैसे लौटाने का वादा भी किया, लेकिन पिछले दो-तीन महीनों से उसने भी फोन उठाना बंद कर दिया।
ये भी पढ़ें:CM साय के जन्मदिवस पर लूथरा शरीफ दरगाह में विशेष दुआ
पुलिस कार्रवाई
ठगी का अहसास होने पर अंजना फ्रांसिस ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी गोविंद कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।







