Murder News: जमीन विवाद में दिव्यांग शिक्षक की कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या, ट्राईसाइकिल समेत शव को फूंका
ग्राम जर्वे निवासी देवानंद भारद्वाज (42), जो कि ग्राम पिहरीद के शासकीय स्कूल में शिक्षक थे, ने आरोपी टीमन लाल मनहर से जमीन खरीदने के लिए 7 लाख रुपये में सौदा किया था। शिक्षक ने पूरी रकम आरोपी को दे दी थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी टीमन लाल न तो जमीन की रजिस्ट्री करा रहा था और न ही पैसे वापस कर रहा था। आरोपी हाल ही में जम्मू-कश्मीर से ईंट भट्ठी में काम कर वापस लौटा था।

SAKTI NEWS. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी आरोपी ने महज 7 लाख रुपये के लेनदेन और जमीन विवाद के चलते एक दिव्यांग शिक्षक की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी ने शिक्षक के शव को उनकी ट्राईसाइकिल समेत आग के हवाले कर दिया।
7 लाख में हुआ था जमीन का सौदा
जानकारी के अनुसार, ग्राम जर्वे निवासी देवानंद भारद्वाज (42), जो कि ग्राम पिहरीद के शासकीय स्कूल में शिक्षक थे, ने आरोपी टीमन लाल मनहर से जमीन खरीदने के लिए 7 लाख रुपये में सौदा किया था। शिक्षक ने पूरी रकम आरोपी को दे दी थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी टीमन लाल न तो जमीन की रजिस्ट्री करा रहा था और न ही पैसे वापस कर रहा था। आरोपी हाल ही में जम्मू-कश्मीर से ईंट भट्ठी में काम कर वापस लौटा था।
विवाद के बाद रास्ते में रोका, फिर किया हमला
गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक पान दुकान के पास शिक्षक देवानंद और टीमन लाल के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। जब शिक्षक अपने घर लौट रहे थे, तब रास्ते में सुनसान जगह पर आरोपी टीमन लाल कुल्हाड़ी लेकर पहुँचा और देवानंद पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। आरोपी ने कुल्हाड़ी से गला काटकर उनकी हत्या कर दी और फिर जघन्य कृत्य करते हुए शव और दिव्यांग ट्राईसाइकिल को आग लगा दी।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने जले हुए स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जैजैपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 238 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कथन: जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर यह हत्या हुई है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।”







