Crime News: बिलासपुर में लुटेरों के हौसले बुलंद: चलती स्कूटी से महिला का मंगलसूत्र लूटा, ऑटो से जेवर भरा बैग पार
पहली घटना में बाइक सवार बदमाशों ने चलती स्कूटी से एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया, वहीं दूसरी घटना में एक युवती का जेवरों से भरा बैग ऑटो से चोरी हो गया।

BILASPUR NEWS. न्यायधानी में बेलगाम बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। शहर में लूटपाट की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। पहली घटना में बाइक सवार बदमाशों ने चलती स्कूटी से एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया, वहीं दूसरी घटना में एक युवती का जेवरों से भरा बैग ऑटो से चोरी हो गया।
केस 1: तोरवा रोड पर झपट्टा मारकर लूटा मंगलसूत्र
राजकिशोर नगर निवासी तुलिका बाजपेयी सोमवार की शाम अपने एक परिचित के साथ स्कूटी पर सवार होकर देवरीखुर्द स्थित गदा चौक गई थीं। काम खत्म कर जब वे तोरवा रोड से घर लौट रही थीं, तभी पीछे से एक पल्सर बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार में आए। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, लुटेरों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मस्तूरी की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मस्तूरी, मल्हार और तोरवा क्षेत्र में नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
केस 2: ऑटो में सवार युवती का बैग गायब
लूट की दूसरी घटना देवरीखुर्द निवासी श्रद्धा भोई के साथ हुई। श्रद्धा 21 मार्च को काम की तलाश में अग्रसेन चौक गई थीं। शाम को बस स्टैंड से ऑटो में बैठकर घर लौटने के दौरान पावर हाउस के पास एक संदिग्ध व्यक्ति उनका बैग लेकर उतर गया। बैग में सोने-चांदी के कीमती जेवर रखे थे। घर पहुँचने पर युवती को बैग चोरी होने का पता चला। पुलिस ने सोमवार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।








