Crime News: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने लगाया जहर देकर मारने का आरोप
मृतिका के भाई राजेश पटेल और अन्य परिजनों का कहना है कि दीक्षा के शरीर की स्थिति को देखकर यह सामान्य मौत नहीं लगती। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा उसे पहले भी प्रताड़ित किया जाता था।

BILASPUR NEWS. जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोंगसरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतिका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उरतुम निवासी राजेश पटेल की बहन दीक्षा कुशवाहा की शादी दिलीप कुशवाहा (निवासी खोंगसरा) के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शनिवार, 9 मई 2026 को दीक्षा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जब मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि दीक्षा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसे आनन-फानन में सिम्स (SIMS) बिलासपुर लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतिका के भाई राजेश पटेल और अन्य परिजनों का कहना है कि दीक्षा के शरीर की स्थिति को देखकर यह सामान्य मौत नहीं लगती। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा उसे पहले भी प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों ने आशंका जताई है कि दीक्षा को जहर देकर या किसी अन्य तरीके से मौत के घाट उतारा गया है।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतिका के परिजनों ने जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक और स्वास्थ्य विभाग को लिखित आवेदन सौंपा है। उनकी मुख्य मांगें निम्नलिखित हैं:
- पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति में हो।
- डॉक्टरों की एक विशेष टीम द्वारा शव का परीक्षण किया जाए।
- पोस्टमार्टम की पूरी वीडियोग्राफी कराई जाए ताकि साक्ष्यों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो सके।
परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और निष्पक्ष जांच का भरोसा नहीं मिलता, वे न्याय के लिए अपनी मांग जारी रखेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।







