छत्तीसगढ़
Crime News: सस्ते किराना सामान का झांसा देकर 15 लाख की ठगी, ‘विशेष स्कीम’ के जाल में फंसा कारोबारी
सरकंडा के माता चौरा निवासी प्रार्थी फणीन्द्र तिवारी से आरोपी संतोष गुप्ता ने संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को सीधे फैक्ट्री एजेंसी से जुड़ा हुआ बताया और दावा किया कि वह व्यापार विहार से बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर किराना सामान उपलब्ध करा सकता है।

BILASPUR NEWS. शहर में बाजार से कम कीमत पर किराना सामान उपलब्ध कराने का लालच देकर एक व्यापारी से 15 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले कम रकम लेकर समय पर सामान देकर पीड़ित का भरोसा जीता और फिर बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी संतोष गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: Cg News: तालाब में घंटों तक पड़ा रहा युवक, डूबने की खबर से मची अफरा-तफरी, पुलिस पहुंची तो हुआ चौंकाने वाला खुलास।
फैक्ट्री एजेंसी का झांसा देकर जीता भरोसा
मिली जानकारी के अनुसार, सरकंडा के माता चौरा निवासी प्रार्थी फणीन्द्र तिवारी से आरोपी संतोष गुप्ता ने संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को सीधे फैक्ट्री एजेंसी से जुड़ा हुआ बताया और दावा किया कि वह व्यापार विहार से बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर किराना सामान उपलब्ध करा सकता है। शुरुआत में 20 दिसंबर 2025 को आरोपी ने प्रार्थी से 50 हजार रुपये लिए और समय पर सामान की डिलीवरी दे दी। इस तरह उसने फणीन्द्र का विश्वास पूरी तरह जीत लिया।
‘विशेष स्कीम’ का लालच देकर ऐंठे 15 लाख
भरोसा कायम होने के बाद आरोपी संतोष गुप्ता ने अधिक लाभ और विशेष स्कीम का लालच देना शुरू किया। उसने धीरे-धीरे बड़ी मात्रा में सामान सप्लाई करने के नाम पर ऑनलाइन और नकद रूप में किश्तों में मोटी रकम लेनी शुरू कर दी। कुछ समय तक वह सामान की थोड़ी-बहुत आपूर्ति करता रहा ताकि शक न हो। इसके बाद उसने बड़ी मात्रा में एक साथ सामान उपलब्ध कराने का वादा किया और प्रार्थी से करीब 15 लाख रुपये ऐंठ लिए।
पत्नी की बीमारी का बहाना और फिर फरार
रकम हाथ में आने के बाद आरोपी ने रंग बदलना शुरू कर दिया। मार्च 2026 में आरोपी ने प्रार्थी से कहा कि उसकी पत्नी की तबीयत बेहद खराब है, इसलिए वह दो दिन तक अपना मोबाइल बंद रखेगा। इसके बाद 26 मार्च की सुबह वह मंगला स्थित अपने किराए के मकान से एक सफेद रंग के पिकअप वाहन में अपना सारा सामान भरकर रफूचक्कर हो गया। 27-28 मार्च के बाद से उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है। पीड़ित ने आरोपी की पत्नी और साले से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वहां से भी कोई सुराग नहीं मिला।
ये भी पढ़ें: धमतरी में इंसानियत शर्मसार: नशे में धुत बदमाशों ने युवक को चप्पल पर थूककर पीटा, बाल खींचकर जबरन छुआए पैर जानिए पूरा मामला !
पुलिस कर रही अन्य पीड़ितों की तलाश
खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित फणीन्द्र तिवारी ने इसे एक सुनियोजित धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी संतोष गुप्ता की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, लेन-देन के रिकॉर्ड को खंगालने के साथ-साथ इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने शहर में और कितने लोगों को अपनी इस ‘सस्ती स्कीम’ का शिकार बनाया है।



