News

धमतरी में इंसानियत शर्मसार: नशे में धुत बदमाशों ने युवक को चप्पल पर थूककर पीटा, बाल खींचकर जबरन छुआए पैर जानिए पूरा मामला !

जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खरतुली से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ नशे में धुत तीन बदमाशों ने एक निजी कंपनी में काम करने वाले युवक के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसे घोर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी किया।

DHAMTARI NEWS.जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खरतुली से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ नशे में धुत तीन बदमाशों ने एक निजी कंपनी में काम करने वाले युवक के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसे घोर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी किया। बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए युवक के सिर और गाल पर चप्पल पर थूककर वार किए और उसे जबरन ‘सॉरी’ व ‘बाप’ बोलने के लिए मजबूर किया। इस पूरी बर्बरता का वीडियो बदमाशों ने खुद सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है।

निजी कंपनी के कर्मचारी को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान रूपेश साहू (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है। रविवार को पास के गांव के कुछ लड़कों ने उसे घेर लिया और बिना किसी स्पष्ट कारण के उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों की बरसात कर दी।

वीडियो में कैद हुई दरिंदगी

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तीनों आरोपी युवक को चप्पलों और हाथों से लगातार पीट रहे हैं। बदमाशों ने पहले चप्पल पर थूका और फिर उसी थूकी हुई चप्पल से रूपेश के सिर और गाल पर दे-मार। इतना ही नहीं, पीड़ित के बाल खींचकर उसे थप्पड़ जड़े गए और जबरन पैर छूने के लिए मजबूर किया गया। एक अन्य वीडियो में आरोपी धारदार हथियार निकालने और बेल्ट से पीटने की कोशिश करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों ने इस घिनौनी करतूत का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी पोस्ट किया था।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, एक आरोपी को बंधक बनाकर पुलिस को सौंपा

वीडियो वायरल होने के बाद ग्राम खरतुली और आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, जिसमें एक आरोपी युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। उग्र ग्रामीणों ने पुलिस के आने तक आरोपी को रस्सी से बांधकर रखा और तुरंत अर्जुनी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।

पुलिस का बयान: मामला दर्ज, बाकी आरोपियों की तलाश जारी

इस पूरे मामले में धमतरी के एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि पीड़ित युवक ने थाने में आवेदन देकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर अर्जुनी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के वक्त अत्यधिक नशे की हालत में थे। वायरल वीडियो की भी बारीकी से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india