प्रेम-प्रसंग में डूबी खौफनाक साजिश: कोंडागांव में ‘दृश्यम’ जैसी वारदात का पर्दाफाश, पति निकला पत्नी-बेटे का कातिल
कोंडागांव। फरसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिरपुर से सामने आया एक सनसनीखेज हत्याकांड पूरे इलाके को झकझोर कर रख देने वाला है। महिला भगवती सेठिया और उसके तीन वर्षीय मासूम बेटे वात्सल्य की रहस्यमयी गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पति रोहित सेठिया को ही डबल मर्डर का मास्टरमाइंड बताया है। प्रेम-प्रसंग में बाधा बन रही पत्नी और बच्चे को रास्ते से हटाने के लिए रोहित ने ‘दृश्यम’ फिल्म जैसी साजिश रची।

कोंडागांव। फरसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिरपुर से सामने आया एक सनसनीखेज हत्याकांड पूरे इलाके को झकझोर कर रख देने वाला है। महिला भगवती सेठिया और उसके तीन वर्षीय मासूम बेटे वात्सल्य की रहस्यमयी गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पति रोहित सेठिया को ही डबल मर्डर का मास्टरमाइंड बताया है। प्रेम-प्रसंग में बाधा बन रही पत्नी और बच्चे को रास्ते से हटाने के लिए रोहित ने ‘दृश्यम’ फिल्म जैसी साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर को भगवती अपने बेटे के साथ अचानक लापता हो गई थी। 6 दिसंबर को उसके भाई ने फरसगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि महिला की आखिरी बातचीत उसके पति रोहित से ही हुई थी, जिसके बाद मोबाइल बंद हो गया।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
एसडीओपी अभिनव उपाध्याय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रोहित सेठिया का पिछले छह वर्षों से बसंती प्रधान नामक युवती से प्रेम संबंध था। पत्नी और बच्चे को हटाने के दबाव में आकर उसने अपने दोस्तों मिथलेश मरकाम और नरेश पांडे के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
22 नवंबर को विशाखापत्तनम घुमाने के बहाने रोहित पत्नी और बेटे को कार से लेकर निकला। रास्ते में सुनसान इलाके में कार के अंदर ही दोनों की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला के शव को पत्थर से बांधकर ओडिशा के इंद्रावती नदी में फेंक दिया गया, जबकि मासूम के शव को पत्थर से बांधकर एक तालाब में डाल दिया गया, जिसकी तलाश अभी जारी है।
शव बरामद, 7 आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने 13 दिसंबर को सबसे पहले आरोपी मिथलेश मरकाम को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर नरेश पांडे और मुख्य आरोपी रोहित सेठिया को पकड़ा गया। 23 दिसंबर को ओडिशा के नवरंगपुर जिले के कुसुमगुड़ा क्षेत्र में इंद्रावती नदी से भगवती का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने इस मामले में रोहित सेठिया, उसके पिता रामचंद सेठिया, मां उर्मिला सेठिया, मामा प्रभु पांडे, प्रेमिका बसंती प्रधान और दो दोस्तों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फांसी की मांग, इलाके में आक्रोश
घटना के बाद मृतिका के परिजनों और समाज के लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने सभी आरोपियों को फांसी की सजा देने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि विवेचना जारी है और जरूरत पड़ी तो आगे और भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।
यह हत्याकांड अपनी सुनियोजित साजिश और क्रूरता के चलते ‘दृश्यम’ जैसी फिल्मी कहानी से भी ज्यादा खौफनाक बनकर सामने आया है, जिसने पूरे कोंडागांव जिले को स्तब्ध कर दिया है।








