छत्तीसगढ़
Suicide News: बैंक का बहाना, मौत का सफर: 45 किमी दूर खेत में एक ही फंदे पर लटके मिले महिला और पड़ोसी युवक के शव
रविवार सुबह खुलासा हुआ, जब ग्राम परसोदा के पास खेत में ग्रामीणों ने पेड़ पर लटके दो शव देखे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मोबाइल में मिले फोटो के आधार पर मृतकों की पहचान संतोषी बाई और उसके पड़ोसी युवक थलेश खरांशू (25) के रूप में की गई।

BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक विवाहित महिला और उसके पड़ोसी युवक ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव गांव से करीब 45 किलोमीटर दूर एक खेत में पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी के अनुसार, ग्राम गब्दी (थाना अर्जुन्दा) निवासी संतोषी बाई यादव (40) शनिवार सुबह करीब 11 बजे बैंक जाने का कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रात में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
रविवार सुबह खुलासा हुआ, जब ग्राम परसोदा के पास खेत में ग्रामीणों ने पेड़ पर लटके दो शव देखे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मोबाइल में मिले फोटो के आधार पर मृतकों की पहचान संतोषी बाई और उसके पड़ोसी युवक थलेश खरांशू (25) के रूप में की गई।
जांच में सामने आए तथ्य:
-दोनों शनिवार को बस से झलमला पहुंचे थे, इसके बाद पैदल खेतों की ओर गए।
-घटनास्थल उनके गांव से करीब 45 किलोमीटर दूर है।
-महिला विवाहित थी और उसके बच्चे हैं, जबकि युवक अविवाहित था।
-मौके से दोनों के चप्पल बरामद हुए, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बालोद कोतवाली टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस घटना ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।


