छत्तीसगढ़
Murder News: बेटी की हिफाजत करना पड़ा भारी! घर में घुसकर किसान पर बरसाए डंडे, 8 दिन बाद मौत
नाबालिग बेटी से दूर रहने की हिदायत देने से नाराज होकर एक युवक ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर सोते हुए किसान पर लाठी-डंडों व लकड़ी के राफ्टर से प्राणघातक हमला कर दिया था।

BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अंतर्गत आने वाले देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर में आपसी रंजिश और बदले की भावना के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। नाबालिग बेटी से दूर रहने की हिदायत देने से नाराज होकर एक युवक ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर सोते हुए किसान पर लाठी-डंडों व लकड़ी के राफ्टर से प्राणघातक हमला कर दिया था।
सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण पीड़ित किसान पिछले 8 दिनों से कोमा में था, जिसने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी समेत सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें: Crime News: भाई की मौत का राज बताने के नाम पर गाजियाबाद के डॉक्टर से 40 लाख और XUV गाड़ी की ठगी, रायपुर का तांत्रिक फरार
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम संबलपुर निवासी गौकरण साहू (35 वर्ष), जो पेशे से खेती-किसानी करता था, 30 जून की देर रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान मुख्य आरोपी भानुप्रताप जैन (18 वर्ष) अपने 5 अन्य साथियों के साथ दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी पर सवार होकर गांव पहुंचा। पूर्व नियोजित साजिश (प्लानिंग) के तहत 2 आरोपी घर के बाहर निगरानी (रेकी) करते रहे, जबकि भानुप्रताप सहित 4 आरोपी दीवार फांदकर घर के भीतर घुस गए।
आरोपियों ने घर के अंदर सो रहे गौकरण साहू के सिर, पीठ और कमर पर लाठी-डंडों तथा लकड़ी के राफ्टर से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। चीख-पुकार और शोर सुनकर पास में ही सो रही मृतक की 13 साल की बेटी और अन्य रिश्तेदार अचानक जाग गए। परिजनों को जागता देख और पकड़े जाने के डर से सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस हमले में गौकरण के सिर पर अत्यधिक गंभीर चोटें आई थीं।
ये भी पढ़ें: Crime News: बिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी, कमरे में बंद मिले दो मासूम
एक सप्ताह तक चली जिंदगी की जंग
हमले में लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल गौकरण साहू को तत्काल उपचार के लिए पहले राजनांदगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां हालत में सुधार न होने और स्थिति और अधिक नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे भिलाई के हाईटेक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सिर में गहरी चोट के चलते गौकरण पिछले 8 दिनों से कोमा में वेंटिलेटर पर था, जहां बुधवार को उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। बुधवार शाम करीब 5 बजे गांव के मुक्तिधाम में गमगीन माहौल के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उसकी दो बेटियों रूपाली साहू और दीप्ति साहू ने पिता की अर्थी को कंधा देकर अंतिम विदाई दी, जिसे देख पूरा गांव रो पड़ा।
डेढ़ साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले मुख्य आरोपी भानुप्रताप जैन, जो कि पार्सल डिलीवरी बॉय का काम करता है, का गौकरण साहू की नाबालिग बेटी से जान-पहचान को लेकर विवाद हुआ था। उस वक्त पिता गौकरण ने भानुप्रताप और उसके माता-पिता को अपने घर बुलाकर कड़ी फटकार लगाई थी और दोबारा बेटी के आसपास न दिखने व दूर रहने की सख्त हिदायत दी थी। इसी बात को लेकर भानुप्रताप मन में रंजिश पाले बैठा था और उसने बदला लेने की नीयत से अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस खूनी साजिश को अंजाम दे डाला।
24 घंटे में सभी 6 आरोपी गिरफ्तार, हथियार व वाहन जब्त
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए देवरी पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड, साइबर सेल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से घेराबंदी की। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ही अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर सभी छह आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
भानुप्रताप जैन (18 वर्ष)- निवासी: खपराभाठ, हाल मुकाम: आंबेडकर चौक टंकी मरौदा, थाना नेवई (दुर्ग) [मुख्य आरोपी]
नीरज रस्तोगी (18 वर्ष) – निवासी: नेवई (दुर्ग)
तुषार निर्मलकर (20 वर्ष) – निवासी: नेवई (दुर्ग)
दिनेश धीमर (25 वर्ष) – निवासी: नेवई (दुर्ग)
कुंदन यादव (18 वर्ष) – निवासी: नेवई (दुर्ग)
दीपेश पटेल (18 वर्ष)- निवासी: बहेराभाठा, थाना देवरी (बालोद)
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे, लकड़ी का राफ्टर, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त कर ली है।
ये भी पढ़ें: Crime News: सस्ते किराना सामान का झांसा देकर 15 लाख की ठगी, ‘विशेष स्कीम’ के जाल में फंसा कारोबारी
पुलिस का बयान: धाराएं बढ़ाई गईं
गौकरण साहू की अस्पताल में मौत होने की पुष्टि के बाद, मामले में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत अतिरिक्त मामला जोड़ लिया गया है। पिनकापार चौकी क्षेत्र के ग्राम संबलपुर की इस घटना के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल कर दिया गया है। मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।”




