छत्तीसगढ़
Bilaspur News: महिला संबंधी दो मामलों में सरकंडा पुलिस को बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार
सरकंडा पुलिस ने महिला अपराध से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पीड़िताओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील संदेश भेजकर बदनाम करने और धमकाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।

BILASPUR NEWS. सरकंडा पुलिस ने महिला अपराध से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पीड़िताओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील संदेश भेजकर बदनाम करने और धमकाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने बताया कि पहले मामले में आरोपी निखिल दुबे (32 वर्ष), निवासी कमकालो, थाना दरिमा, जिला अंबिकापुर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पीड़िता से दोस्ती कर उसे अश्लील वीडियो और मैसेज भेज रहा था। पीड़िता की शिकायत पर 13 सितंबर 2024 को थाना सरकंडा में अप.क्र. 1150/2024, धारा 79 बीएनएस एवं 67(ए) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

दूसरे मामले में आरोपी अजीत कुमार घृतलहरे (35 वर्ष), निवासी अमलीडीह, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली, जो वर्तमान में गोकुलधाम, थाना सकरी में रह रहा था, ने पीड़िता को रास्ता रोककर बलात्कार केस वापस लेने का दबाव बनाया और मना करने पर फेसबुक पर अश्लील टिप्पणी कर बदनाम किया। इस पर अप.क्र. 360/2025, धारा 351(2), 126(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
दोनों मामलों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर सेल की मदद से आरोपियों का लोकेशन ट्रेस किया गया। आरोपी निखिल दुबे को अंबिकापुर से और अजीत घृतलहरे को घूरू अमेरी, थाना सकरी से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटनाओं में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को वैधानिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सरकंडा पुलिस की इस तत्परता की सराहना की जा रही है।