ACB News: 1 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों धराया SDO, प्रमोशन के 2 महीने बाद ही चढ़ा ACB के हत्थे
पूरा मामला खेल मैदान में मुरूम बिछाने के काम से जुड़ा है। ठेकेदार/शिकायतकर्ता ने खेल मैदान में मुरूम डालने का कार्य पूरा कर लिया था, जिसके बिल भुगतान के एवज में एसडीओ ने 1 लाख रुपये की मांग की थी।

BALODA BAZAR NEWS. छत्तीसगढ़ के पलारी जनपद पंचायत में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ पदस्थ एसडीओ (SDO) को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी अधिकारी का महज दो महीने पहले ही प्रमोशन हुआ था, लेकिन कुर्सी संभालते ही वह भ्रष्टाचार के खेल में शामिल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला खेल मैदान में मुरूम बिछाने के काम से जुड़ा है। ठेकेदार/शिकायतकर्ता ने खेल मैदान में मुरूम डालने का कार्य पूरा कर लिया था, जिसके बिल भुगतान के एवज में एसडीओ ने 1 लाख रुपये की मांग की थी। रिश्वत की रकम नहीं मिलने तक अधिकारी भुगतान की फाइल को लटकाए हुए था।
ACB की योजनाबद्ध कार्रवाई
परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी से की। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही एसडीओ ने पलारी जनपद पंचायत कार्यालय में रिश्वत की राशि अपने हाथ में ली, पहले से तैनात टीम ने उसे घेर लिया। नोटों के रंग में रंगे हाथ अधिकारी के भ्रष्टाचार की गवाही दे रहे थे।
इस गिरफ्तारी के बाद जनपद कार्यालय में हड़कंप मच गया है। एसीबी फिलहाल अधिकारी के अन्य दस्तावेजों और संपत्तियों की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या पहले भी इस तरह के लेन-देन किए गए हैं।








