Crime News: गार्ड ने डांटा तो पिस्तौल लेकर लौटा युवक… शराब दुकान में मारी गोली, बिहार के खेत से ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
डांट से नाराज होकर चलाई थी गोली घटना 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे की है। शराब दुकान में 'ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड' का सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल ड्यूटी पर तैनात था।

RAIGHAR NEWS. पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट शराब दुकान में तैनात प्राइवेट सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद की है।
ये भी पढ़ें:महिला झपटमारी गैंग के चोरी के सोने का राज खुला, कटघोरा का सोनार गिरफ्तार
डांट से नाराज होकर चलाई थी गोली घटना 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे की है। शराब दुकान में ‘ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड’ का सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल ड्यूटी पर तैनात था। उसी दौरान आरोपी विवेक कुमार यादव (19 वर्ष, निवासी जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार) अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ देर रात वहां पहुंचा। देर रात आने को लेकर जब गार्ड ने उन्हें डांट-फटकार लगाई, तो दोनों के बीच विवाद हो गया।
गुस्से में आकर विवेक अपने लेबर क्वार्टर गया और वहां से पिस्तौल लाकर गार्ड पर फायरिंग कर दी, जो गार्ड के पेट में जा लगी। घायल गार्ड ने अहाते के पीछे छिपकर साथियों को सूचना दी और डायल-112 को बुलाया। विवेक एग्रोहा स्टील प्लांट में मजदूरी करता था और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था।
बिहार के खेत में छिपा था आरोपी एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस और साइबर टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस टीम जब जमुई पहुँची, तो आरोपी घर से निकलकर खेत में जा छिपा। करीब दो घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह पिस्तौल बिहार में एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में खरीदी थी।
ये भी पढ़ें:नदी के तेज बहाव में बाइक समेत डूब रहे थे दो युवक, तीन युवकों ने मौत से खींच लाई जिंदगी
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1) और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार साथी रोशन ठाकुर की तलाश जारी है। एसएसपी ने अंतरराज्यीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम की सराहना की है।













