छत्तीसगढ़

Crime News: 21 दिन में दूसरी बड़ी सेंध: बाल सुधार गृह का दरवाजा उखाड़ 13 बंदी फरार, पुराना मास्टरमाइंड फिर निकला आगे

इस बार भी फरारी की पूरी साजिश उसी नाबालिग ने रची, जो पिछली घटना का भी मास्टरमाइंड था और बाद में दोबारा पकड़ लिया गया था। उसने दो पुराने और 10 नए बाल बंदियों को साथ लेकर कुल 13 बंदियों को फरार करा दिया।

AMBIKAPUR NEWS. सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित गांधीनगर शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह (बाल सुधार गृह) की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। मंगलवार रात 13 बाल बंदी मुख्य दरवाजा उखाड़कर फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि बीते 21 दिनों में यह दूसरी बड़ी फरारी की घटना है। इससे पहले 24 जून को 11 बाल बंदी खिड़की तोड़कर भाग निकले थे।

जानकारी के अनुसार, इस बार भी फरारी की पूरी साजिश उसी नाबालिग ने रची, जो पिछली घटना का भी मास्टरमाइंड था और बाद में दोबारा पकड़ लिया गया था। उसने दो पुराने और 10 नए बाल बंदियों को साथ लेकर कुल 13 बंदियों को फरार करा दिया।

ये भी पढ़ें:RAIPUR NEWS: महादेव ऐप पर ED का बड़ा एक्शन; दिल्ली से विकास गर्ग गिरफ्तार, 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जा रहा

खाना खाने के बाद दिया वारदात को अंजाम

बाल सुधार गृह की प्रभारी शमा नूरी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 8 बजे बच्चों को भोजन कराया गया। इसके बाद सभी अपने-अपने बैरकों में चले गए। इसी दौरान कुछ बंदियों ने सुरक्षा कर्मियों को चकमा देते हुए बैरक के जर्जर दरवाजे को उखाड़ दिया और बाउंड्री पार कर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलेभर में नाकेबंदी कर सघन तलाश अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने रात में ही फरार 13 में से 2 बाल बंदियों को पकड़ लिया, जबकि मास्टरमाइंड समेत 11 अब भी फरार हैं।

हत्या, दुष्कर्म और लूट के मामलों के आरोपी

पुलिस के अनुसार फरार सभी बाल बंदी हत्या, दुष्कर्म और लूट जैसे गंभीर अपराधों के मामलों में विचाराधीन हैं। ये सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिले के रहने वाले हैं। घटना के बाद संबंधित जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें:Crime News: रायगढ़ में डबल मर्डर से सनसनी! बुजुर्ग दंपति की हत्या के बाद शव जलाने की आशंका

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

लगातार दूसरी बार हुई फरारी ने बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रभारी शमा नूरी ने बताया कि पहले भी अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग की गई थी। वर्तमान में परिसर के दरवाजों और खिड़कियों को वेल्डिंग कर मजबूत करने का काम कराया जा रहा है।

गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि फरार 11 बाल बंदियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित ठिकानों पर सघन जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द सभी फरार बंदियों को पकड़ने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india