Crime News: दीवार फोड़कर बैंक में घुसे, लॉकर नहीं टूटा तो राउटर-स्टेबलाइजर लेकर भागे, 5 आरोपी गिरफ्तार
4 जुलाई की रात बदमाशों ने बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने लॉकर और एटीएम को गैंती व टंगिया जैसे धारदार औजारों से तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन मजबूत सुरक्षा के कारण नकदी तक नहीं पहुंच सके।

BILASPUR NEWS. बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का रतनपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने लॉकर और एटीएम को तोड़कर नकदी ले जाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर बैंक का राउटर और बाहर लगा स्टेबलाइजर चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल और धारदार औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई की रात बदमाशों ने बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने लॉकर और एटीएम को गैंती व टंगिया जैसे धारदार औजारों से तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन मजबूत सुरक्षा के कारण नकदी तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद आरोपी बैंक का राउटर और परिसर में लगा स्टेबलाइजर लेकर मौके से फरार हो गए।
6 जुलाई को बैंक खुलने पर सेंधमारी का पता चला। शाखा प्रबंधक की शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सुमेष कश्यप उर्फ सोनू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सूरज कुमार विश्वकर्मा, नवीन कुमार बैसवाड़े, खिकराम खैरवार उर्फ विक्की और प्रकाश यादव उर्फ बौना के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया बैंक का राउटर, स्टेबलाइजर, दो मोटरसाइकिल, गैंती और टंगिया बरामद की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ तथा रतनपुर थाना पुलिस की टीम ने अंजाम दी।








