Bilaspur News: भाजपा में बढ़ा राजेन्द्र भंडारी का कद, प्रदेश कार्यसमिति में मिली अहम जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को नगरीय निकाय चुनावों के लिए और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व एल्डरमेन राजेन्द्र भंडारी को नगरीय निकाय प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया है।

BILASPUR NEWS.भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को नगरीय निकाय चुनावों के लिए और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व एल्डरमेन राजेन्द्र भंडारी को नगरीय निकाय प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया है। संगठन की इस नियुक्ति को भंडारी के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव और पार्टी नेतृत्व के उन पर बढ़ते भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
राजेन्द्र भंडारी लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहते हुए नगर निगम और नगरीय विकास से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं की उनकी समझ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि आगामी नगरीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा अनुभवी और जमीनी नेताओं को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि राजेन्द्र भंडारी, पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के करीबी नेताओं में शामिल हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति को संगठन में अमर अग्रवाल की मजबूत पकड़ और उनके समर्थक नेताओं को मिल रहे महत्व से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इससे बिलासपुर भाजपा के भीतर भी कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, भंडारी की वार्ड स्तर पर मजबूत पकड़, सामाजिक गतिविधियों में लगातार सक्रियता और जनता के बीच निरंतर संपर्क उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है। यही कारण है कि पार्टी ने उन्हें प्रदेश कार्यसमिति में शामिल कर नगरीय निकाय राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रदेश स्तर की इस जिम्मेदारी के बाद आगामी नगर निगम चुनाव में भी राजेन्द्र भंडारी को संगठन की ओर से कोई महत्वपूर्ण दायित्व मिल सकता है। उनकी नियुक्ति को भाजपा की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए संगठन जमीनी अनुभव वाले नेताओं को आगे लाने का संदेश देना चाहता है।







