छत्तीसगढ़

Bilaspur News: 143 बूथों की बैठक में अमर अग्रवाल ने संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर दिया जोर

भाजपा बिलासपुर विधानसभा के 143 बूथों की बैठक में अमर अग्रवाल ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संगठनात्मक बैठकों और बूथ स्तर पर कार्यक्रमों के नियमित आयोजन के निर्देश दिए।

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा बिलासपुर के मंडल पश्चिम, दक्षिण एवं मध्य के अंतर्गत आने वाले कुल 143 बूथों की संगठनात्मक बैठक विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने, मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने और पार्टी के निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के अभियान को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करें तथा जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनका नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक पहल करें। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आम नागरिकों से निरंतर संपर्क ही संगठन की वास्तविक ताकत है।

अमर अग्रवाल ने संगठन द्वारा वर्षभर निर्धारित छह प्रमुख कार्यक्रमों को प्रत्येक बूथ पर अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रत्येक माह 15 से 20 तारीख के बीच मंडल पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करने की बात कही। साथ ही प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र स्तर पर बैठक आयोजित करने पर जोर दिया।

इन बैठकों में शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक एवं सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बूथ सचिव, बीएलए-2 और मन की बात प्रमुख की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को लेकर उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को हर बूथ पर बूथ समिति एवं स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनने की व्यवस्था की जाए। इसके बाद बूथ समिति की बैठक आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की जाए और कार्यक्रम की जानकारी सरल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कर रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती नियमित बैठकों, निरंतर जनसंपर्क और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका से संभव है। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रमों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें, ताकि भाजपा का संगठन बूथ स्तर पर अधिक सशक्त एवं प्रभावी बन सके।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित संदीप दास, मनीष अग्रवाल, धीरेन्द्र केशरवानी, महेश चंद्रिकापुरे, मनीष शुक्ला, लक्ष्मीनारायण कश्यप, विजय यादव, संजय अग्रवाल, शैलेन्द्र यादव, जगदीश साव, श्रीकांत सहारे, दीपक साहू सहित 143 बूथों के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india