Crime News: होली ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, महिला आरक्षक से अभद्रता और सिपाही की वर्दी फाड़ी
4 मार्च को पेंडरवा निवासी जलेश्वर साहू शिकायत लेकर थाने पहुँचे थे कि कुछ शराबी उनके घर के पास गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (TI) अवनीश पासवान पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। रास्ते में निपनिया पीपल चौक के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार (CG 10 N 2288) डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त मिली।

BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में होली के त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस टीम पर बदमाशों द्वारा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है, जहाँ एक्सीडेंट के बाद कार जब्त करने की प्रक्रिया के दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया, उनके साथ मारपीट की और सरकारी काम में बाधा डाली। पुलिस ने इस मामले में 8 नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के अनुसार, 4 मार्च को पेंडरवा निवासी जलेश्वर साहू शिकायत लेकर थाने पहुँचे थे कि कुछ शराबी उनके घर के पास गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (TI) अवनीश पासवान पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। रास्ते में निपनिया पीपल चौक के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार (CG 10 N 2288) डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त मिली।
जब पुलिस आसपास के लोगों की मदद से कार को हटवाकर ड्राइवर को थाने ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी जावेद, अजिम, कार्तिक श्रीवास और पप्पू नामक युवक वहाँ पहुँच गए और पुलिस से विवाद करने लगे।
टीम बुलाकर किया पुलिस पर हमला
विवाद बढ़ते देख आरोपियों ने अपने अन्य साथियों—श्याम बंसल, राहुल बंसल और यश बंसल को भी मौके पर बुला लिया। बदमाशों की भीड़ ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
प्रमुख नुकसान और चोटें:
TI अवनीश पासवान: बदमाशों से समझाइश के दौरान हुई झूमाझटकी में उनकी कलाई पर चोट आई।
आरक्षक मौसम साहू: बदमाशों ने ऑन-ड्यूटी आरक्षक की वर्दी फाड़ दी।
आरक्षक संतोष मरकाम: मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए।
महिला आरक्षक चंदा यादव: महिला पुलिसकर्मी के साथ भी बदमाशों ने धक्का-मुक्की और अभद्रता की।
8 आरोपियों पर BNS की धाराओं में केस दर्ज
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 8 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 121(1), 132, 191(2), 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।







