Religious Conversion:धर्मांतरण के दबाव को लेकर बवाल, डायल-112 के पायलट पर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप
कुंदरा पारा निवासी तोमन खांडे (डायल-112 पायलट) पिछले 10-12 वर्षों से ईसाई धर्म का पालन कर रहा है। आरोप है कि वह अपने पड़ोसी और रिश्तेदार मोहितराम खांडे के परिवार पर लगातार ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ा कि होली के दिन तोमन ने कथित तौर पर बाहरी गुंडे बुलाकर मोहितराम के परिवार के साथ मारपीट की और उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की।

BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरा पारा में धर्मांतरण के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। घटना में डायल-112 के एक पायलट पर अपने ही रिश्तेदारों के साथ मारपीट करने, घर में तोड़फोड़ करने और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, कुंदरा पारा निवासी तोमन खांडे (डायल-112 पायलट) पिछले 10-12 वर्षों से ईसाई धर्म का पालन कर रहा है। आरोप है कि वह अपने पड़ोसी और रिश्तेदार मोहितराम खांडे के परिवार पर लगातार ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ा कि होली के दिन तोमन ने कथित तौर पर बाहरी गुंडे बुलाकर मोहितराम के परिवार के साथ मारपीट की और उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की।
पीड़ित पक्ष का दावा: पुलिस के सामने हुई पिटाई
पीड़ित परिवार का कहना है कि वे पिछले 12 दिनों से डर के कारण अपने घर नहीं लौट पा रहे हैं। उनका दावा है कि घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि तोमन खांडे पुलिस विभाग में होने का धौंस दिखाता है और कहता है कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने न्याय की मांग करते हुए आवेदन सौंपा है।
आरोपी पक्ष की सफाई: जमीन विवाद का मामला
वहीं, दूसरी ओर आरोपी तोमन खांडे ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उसका कहना है कि यह पूरा विवाद धर्मांतरण का नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े पुराने विवाद का है। तोमन का आरोप है कि मोहितराम और उनके परिजनों ने ही उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और गहने व नकदी पार कर दी, जिससे उन्हें करीब 80 से 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई: काउंटर केस दर्ज
सिरगिट्टी पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, घटना के तुरंत बाद जब पक्ष थाने आए थे, तब उन्होंने जमीन विवाद की जानकारी दी थी, धर्मांतरण का जिक्र नहीं किया था। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है और मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।







