Crime News: अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगी करने वाला मास्टरमाइंड नोएडा से गिरफ्तार
प्रार्थी सुनील कुमार सूर्यवंशी ने थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त 2025 की रात अज्ञात मोबाइल नंबरों से उसे संपर्क किया गया। आरोपियों ने झांसे में लेकर प्रार्थी का एक अश्लील वीडियो तैयार कर लिया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगे। बदनामी के डर से प्रार्थी ने किस्तों में कुल 1,50,400 रुपये आरोपियों के बताए यूपीआई (UPI) आईडी पर ट्रांसफर कर दिए।

BILASPUR NEWS. आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ तोरवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नोएडा (उत्तर प्रदेश) में दबिश देकर एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो अश्लील वीडियो बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करता था।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी सुनील कुमार सूर्यवंशी ने थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त 2025 की रात अज्ञात मोबाइल नंबरों से उसे संपर्क किया गया। आरोपियों ने झांसे में लेकर प्रार्थी का एक अश्लील वीडियो तैयार कर लिया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगे। बदनामी के डर से प्रार्थी ने किस्तों में कुल 1,50,400 रुपये आरोपियों के बताए यूपीआई (UPI) आईडी पर ट्रांसफर कर दिए।
तकनीकी जांच से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी (शहर) पंकज पटेल के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से जब बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया, तो आरोपी का लोकेशन नोएडा, उत्तर प्रदेश पाया गया।
नोएडा में दी दबिश, आरोपी गिरफ्तार
तोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम दिल्ली और नोएडा के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर गिरोह के मुख्य सरगना गुरजीत कुमार (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला है और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर 07 में रहकर ठगी का नेटवर्क चला रहा था।
न्यायालय में पेश
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) BNS और 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को 22 मार्च को हिरासत में लेने के बाद आज, 25 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पुलिस की अपील: किसी भी अनजान वीडियो कॉल को रिसीव न करें और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें। ठगी होने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल को सूचना दें।