छत्तीसगढ़
Viral Video: 5 हजार की रिश्वत कैमरे में कैद: जशपुर जिला अस्पताल का ड्रेसर सस्पेंड, IVF बिल पास कराने के नाम पर वसूली का खुलासा
अस्पताल में पदस्थ ड्रेसर किशोर कुमार चौहान एक सरकारी कर्मचारी से मेडिकल रिम्बर्समेंट बिल पास कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। वायरल वीडियो में वह 5 हजार रुपये लेते और गिनते हुए साफ नजर आ रहा है, साथ ही 2 हजार रुपये और देने की मांग भी करता दिख रहा है।

JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ड्रेसर को रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद कर लिया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल में पदस्थ ड्रेसर किशोर कुमार चौहान एक सरकारी कर्मचारी से मेडिकल रिम्बर्समेंट बिल पास कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। वायरल वीडियो में वह 5 हजार रुपये लेते और गिनते हुए साफ नजर आ रहा है, साथ ही 2 हजार रुपये और देने की मांग भी करता दिख रहा है।
IVF बिल के नाम पर दबाव
वीडियो में आरोपी यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि यदि बिल रायपुर भेजा जाता, तो IVF (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) का खर्च पास नहीं होता। इसी बात का हवाला देकर वह पीड़ित पर पैसे देने का दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि पीड़ित ने इलाज में करीब 45 हजार रुपये खर्च किए थे।
तत्काल निलंबन और जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जी.एस. जात्रा ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत की गई है।
निलंबन के दौरान मुख्यालय: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पत्थलगांव
विभागीय जांच: मामले की विस्तृत जांच के आदेश, दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई तय
CMHO का सख्त संदेश
CMHO ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर और सेवा नियमों का उल्लंघन है। किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल रिश्वत देने वाला व्यक्ति सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो को ही जांच का आधार बनाया गया है।




