छत्तीसगढ़

Crime News: भाजपा नेत्री से दुष्कर्म और 2.50 करोड़ की ठगी करने वाला रांची का कारोबारी गिरफ्तार

बिलासपुर के सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली भाजपा नेत्री का आधिकारिक कार्यों से दिल्ली आना-जाना लगा रहता था। करीब दो साल पहले दिल्ली में उनकी मुलाकात झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई थी।

BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला अंतर्गत सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एक भाजपा नेत्री से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला को माइनिंग कारोबार में पार्टनरशिप और मोटे मुनाफे का झांसा देकर निवेश कराया और बाद में दिल्ली में उसके साथ अनाचार की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद शुक्रवार को पुलिस टीम ने रांची में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।

माइनिंग कारोबार में निवेश के नाम पर दिया झांसा

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली भाजपा नेत्री का आधिकारिक कार्यों से दिल्ली आना-जाना लगा रहता था। करीब दो साल पहले दिल्ली में उनकी मुलाकात झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई थी। संजय सिंह ने खुद को एक बड़ा उद्योगपति और माइनिंग कारोबारी बताते हुए महिला को अपने झांसे में ले लिया। उसने माइनिंग बिजनेस में निवेश करने पर भारी मुनाफे और व्यापार में साझेदारी का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर नेत्री ने अलग-अलग किश्तों में आरटीजीएस (RTGS) और नगद माध्यमों से करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये का निवेश कर दिया। निवेश की रकम हासिल करने के बाद दोनों के बीच संपर्क और बढ़ता गया।

सितंबर 2025 में दिल्ली में किया दुष्कर्म, फिर करने लगा ब्लैकमेल

पीड़िता का आरोप है कि कारोबारी संजय सिंह ने उनके भरोसे का नाजायज फायदा उठाया। सितंबर 2025 में आरोपी ने दिल्ली में उनके साथ जबरन दुष्कर्म (अनाचार) किया। इस घिनौनी वारदात के बाद आरोपी रुका नहीं, बल्कि वह लगातार महिला को ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी ने पीड़िता को डरा-धमकाकर अवैध रूप से और पैसों की मांग शुरू कर दी।

रुपये वापस मांगने पर दी धमकी, मानसिक प्रताड़ना के बाद पहुंचीं पुलिस

जब भाजपा नेत्री को ठगी और धोखे का अहसास हुआ, तो उन्होंने संजय सिंह से अपने निवेश किए हुए 2.50 करोड़ रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी उल्टा उन्हें ब्लैकमेल करने लगा और जान से मारने व बदनाम करने की धमकी देकर अवैध वसूली का प्रयास करने लगा। आरोपी की लगातार प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर मानसिक रूप से परेशान नेत्री ने आखिरकार मामले की लिखित शिकायत बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई।

बिलासपुर पुलिस ने रांची में दी दबिश, आरोपी सलाखों के पीछे

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया। पुलिस ने दोनों के बीच हुए मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अन्य अहम दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इसके बाद बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम को आरोपी की तलाश में झारखंड रवाना किया गया। पुलिस टीम ने रांची में घेराबंदी कर आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उसे बिलासपुर लाया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india